बिजनेस

ई-कॉमर्स सेक्टर में होगा धमाका, जोरों पर Flipkart IPO की तैयारी, अप्रैल में होगा ये काम

ई-कॉमर्स सेक्टर की दिग्गज Flipkart के IPO की उलटी गिनती शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Walmart समर्थित यह कंपनी अप्रैल से निवेश बैंकों को IPO मैनेजमेंट के लिए पिच करने का न्योता दे सकती है। संभावित लिस्टिंग 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में हो सकती है।

Image

फ्लिपकार्ट आईपीओ की उल्टी गिनती शुरू

Flipkart IPO: भारत के ई-कॉमर्स सेक्टर की दिग्गज कंपनी Flipkart जल्द IPO की दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है। ब्लूमबर्ग सहित कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अगले महीने यानी अप्रैल से निवेश बैंकों को IPO मैनेजमेंट के लिए पिच करने का न्योता देने की तैयारी में है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो कंपनी की लिस्टिंग 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में हो सकती है।

अप्रैल से शुरू होगी औपचारिक प्रक्रिया

मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक Flipkart जल्द ही औपचारिक तौर पर निवेश बैंकों से प्रस्ताव मांगने की प्रक्रिया शुरू करेगी। इससे पहले कंपनी निवेशकों और बैंकरों के साथ अनौपचारिक बातचीत कर बाजार की मांग और संभावित वैल्यूएशन को लेकर संकेत ले चुकी है। हालांकि, अभी यह प्रक्रिया शुरुआती चरण में है और लिस्टिंग का समय या अन्य शर्तें आगे बदल भी सकती हैं।

वालमार्ट है मालिक

Flipkart की ऑनरशिप फिलहाल अमेरिकी रिटेल दिग्गज वालमार्ट के पास है। Walmart ने 2018 में करीब 16 अरब डॉलर में फ्लिपकार्ट की 77% हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद भी कंपनी ने अतिरिक्त निवेश कर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई। इसके बाद 2023 में Tiger Global की बची हिस्सेदारी खरीदने के बाद Flipkart का वैल्यूएशन करीब 35 अरब डॉलर आंकी गया।

IPO में सेकेंडरी शेयर सेल भी संभव

ब्लूमबर्ग की रिपार्ट के मुताबिक प्रस्तावित IPO में मौजूदा निवेशकों द्वारा सेकेंडरी शेयर सेल भी शामिल हो सकती है। इसमें Walmart समेत अन्य निवेशक अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेच सकते हैं। कंपनी IPO से जुटाई गई पूंजी का इस्तेमाल अपने ई-कॉमर्स कारोबार को और विस्तार देने में कर सकती है।

भारत में लिस्टिंग की तैयारी पूरी

Flipkart ने हाल ही में एक अहम कदम उठाते हुए सिंगापुर से भारत में अपना डोमिसाइल शिफ्ट करने के लिए सरकारी मंजूरी हासिल की है। यह भारत में IPO लाने की दिशा में जरूरी प्रक्रिया मानी जाती है। भारत का IPO बाजार 2025 में काफी मजबूत रहा, हालांकि 2026 में कुछ कमजोर लिस्टिंग और सेंसेक्स में करीब 10% गिरावट के बाद निवेशकों की भावना थोड़ी ठंडी पड़ी है।

ई-कॉमर्स सेक्टर में कड़ी टक्कर

भारत के ऑनलाइन रिटेल बाजार में Flipkart की प्रतिस्पर्धा Amazon, Reliance की JioMart और Tata Group के प्लेटफॉर्म से है। Flipkart के पोर्टफोलियो में फैशन प्लेटफॉर्म Myntra और ट्रैवल बुकिंग साइट Cleartrip भी शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक उसके प्लेटफॉर्म पर 50 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड ग्राहक हैं, जो उसे भारत के सबसे बड़े ई-कॉमर्स खिलाड़ियों में शामिल करते हैं।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article