Paytm Latest News: फिनटेक Paytm की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशन (One 97 Communication) ने एक्सचेंजों को बताया कि संस्थापक विजय शेखर शर्मा (Vijay Shekhar Sharma) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिडेट (PPBL) के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। भारतीय रिजर्व बैंक के एक्शन के बाद से पेटीएम में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। विजय शेखर शर्मा ने Paytm Payments Bank के बोर्ड से भी इस्तीफा दे दिया है। वन97 कम्युनिकेशन ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि Paytm Payment Bank एक नए अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करेगा।
पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (ओसीएल) ने कहा कि Paytm Payments Bank के बोर्ड में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवासन श्रीधर, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी देबेंद्रनाथ सारंगी, पूर्व बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक अशोक कुमार गर्ग और रिटायर आईएएस रजनी सेखरी सिब्बल स्वतंत्र डायरेक्टर के रूप में बोर्ड में शामिल हुए हैं।
पेटीएम पेमेंट्स बैंक बोर्ड के पुनर्गठन और पीपीबीएल बोर्ड से विजय शेखर शर्मा के इस्तीफे पर वन97 कम्युनिकेशंस ने कहा कि ओसीएल अपने नामांकित व्यक्ति को हटाकर केवल स्वतंत्र और कार्यकारी निदेशकों वाले बोर्ड को चुनने के पीपीबीएल के कदम का समर्थन करता है।
विजय शेखर शर्मा का यह फैसला आरबीआई द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक को कुछ मानदंडों का पालन न करने का हवाला देते हुए 15 मार्च तक किसी भी ग्राहक खाते, प्रीपेड उपकरण, वॉलेट, फास्टैग और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड में आगे की जमा, क्रेडिट लेनदेन या टॉप-अप को रोकने के लिए कहने के बाद आया है।
आरबीआई ने नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ((NPCI) से तीसरे पक्ष के एप्लिकेशन प्रोवाइडर बनने के लिए पेटीएम के अनुरोध की जांच करने और चार से पांच बैंकों को इसके लिए सेवा प्रोवाइडर के रूप में कार्य करने की सुविधा देने के लिए भी कहा है।
पेटीएम यूपीआई भुगतान के लिए भारत का तीसरा सबसे बड़ा ऐप है, लोकप्रिय एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) के जरिये लेनदेन के प्रोसेसिंग के लिए एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और यस बैंक के साथ साझेदारी करने की संभावना है।
