Raunaq Rajani on Mumbai Police: स्टैंड-अप कॉमेडियन रौनक राजानी (Raunaq Rajani) ने मुंबई में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पुलिस कार्रवाई में उनकी पत्नी को एक पुरुष पुलिसकर्मी ने लात मारी, जिससे उनकी एक पसली में फ्रैक्चर हो गया। रौनक ने इस घटना से जुड़े वीडियो और पत्नी की मेडिकल रिपोर्ट भी सोशल मीडिया पर शेयर की है। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में... (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-चेन्नई में अचानक क्यों रोकी गई CM Vijay की Jana Nayagan की स्क्रीनिंग?)
रौनक राजानी ने सुनाया किस्सा
रौनक राजानी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि उनकी पत्नी की पसली प्रदर्शन के दौरान टूट गई और इसके लिए एक पुलिसकर्मी जिम्मेदार है। उन्होंने अपनी पत्नी की मेडिकल रिपोर्ट भी शेयर की और पूरी घटना के बारे में खुलकर बताया। रौनक के मुताबिक, 22 जुलाई सुबह 4:47 बजे उन्हें और उनकी पत्नी को शिवाजी पार्क में चल रहे छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया। उनका आरोप है कि पुलिस बिना किसी वजह के प्रदर्शनकारियों को उठा रही थी। इस दौरान उन्हें और उनकी पत्नी को बुरी तरह धक्का दिया गया, जिससे उनकी गर्दन में मोच आ गई और पसलियों में दर्द होने लगा।
उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया क्योंकि कई दूसरे प्रदर्शनकारियों के साथ इससे भी ज्यादा हिंसा हुई थी। बाद में जब दोनों दिल्ली लौटे तो उनकी पत्नी का दर्द कम नहीं हुआ। डॉक्टर के पास जांच कराने पर एक्स-रे में पता चला कि उनकी एक पसली में फ्रैक्चर है। रौनक ने वीडियो में वह फुटेज भी दिखाई, जिसमें कथित तौर पर पुलिस उनके और उनकी पत्नी के साथ धक्का-मुक्की करती नजर आ रही है। उनका कहना है कि विवाद तब शुरू हुआ जब पुलिस शांतिपूर्वक खड़े कुछ बच्चों को जबरन हिरासत में लेने लगी। उन्होंने दूर से इसका विरोध किया तो एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पकड़ लिया और जमीन पर गिरा दिया। रौनक का दावा है कि जब उनकी पत्नी उन्हें बचाने के लिए आगे आईं तो दोनों को जबरदस्ती पुलिस बस में बैठाया गया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनकी पत्नी को लात मारी। वीडियो में उन्होंने इस घटना का फुटेज भी दिखाया है। फिलहाल इस मामले पर मुंबई पुलिस की ओर से कोई ऑफिशियल रिएक्शन सामने नहीं आया है।
