Upcoming IPO of dam capital advisors and sanatan textiles Details: निवेश बैंकिंग कंपनी डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 269-283 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि उसका आईपीओ 19 दिसंबर को खुलेगा और 23 दिसंबर को बंद होगा। इस आईपीओ के तहत 840.25 करोड़ रुपये मूल्य के 2.97 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश की जाएगी।
कंपनी का आईपीओ ओएफएस (ऑफर फॉर सेल) के रूप में होगा, जिसमें प्रवर्तक धर्मेश अनिल मेहता, मल्टीपल्स अल्टरनेट एसेट मैनेजमेंट, आरबीएल बैंक, ईजीएक्सेस फाइनेंशियल सर्विसेज और नरोत्तम सत्यनारायण सेखसरिया अपने शेयरों को बिक्री के लिए रख रहे हैं। इस पूरी बिक्री से होने वाली आय कंपनी के बजाय सीधे विक्रेता शेयरधारकों को जाएगी। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण 2,000 करोड़ रुपये आंका गया है।
सनातन टेक्सटाइल्स का आईपीओ: 305-321 रुपये प्रति शेयर मूल्य दायरा तय
यार्न विनिर्माता सनातन टेक्सटाइल्स ने 550 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 305-321 रुपये प्रति शेयर मूल्य दायरा तय किया है। आईपीओ 19 दिसंबर को खुलेगा और 23 दिसंबर को बंद होगा। इस आईपीओ के तहत 400 करोड़ रुपये तक के नए शेयरों के निर्गम के साथ 150 करोड़ रुपये का ओएफएस (बिक्री पेशकश) भी होगा।
कंपनी का कहना है कि आईपीओ से प्राप्त राशि का एक हिस्सा कर्ज चुकाने और उधारों के पुनर्भुगतान के लिए उपयोग किया जाएगा। शेष राशि को सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। सनातन टेक्सटाइल्स तीन प्रमुख यार्न व्यवसायों में सक्रिय है: पॉलिएस्टर यार्न, कॉटन यार्न और यार्न।
भाषा इनपुट के साथ
