बिजनेस

Monsoon Business Ideas: बरसात के मौसम में इन 5 बिजनेस से कर सकते हैं अच्छी कमाई

बरसात का मौसम अपने साथ कई नए बिजनेस अवसर भी लेकर आता है। अगर आप भी इस सीजन में खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है।

Image

बारिश के मौसम में इन बिजनेस से होगी मोटी कमाई (AI Generated Image)

बरसात का मौसम जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत देता है, वहीं दूसरी ओर यह कई नए बिजनेस अवसर भी लेकर आता है। इस दौरान कुछ प्रोडक्ट और सर्विस की मांग अचानक बढ़ जाती है। अगर आप कम निवेश में कोई मौसमी कारोबार शुरू करना चाहते हैं या अतिरिक्त कमाई का जरिया तलाश रहे हैं तो मानसून आपके लिए अच्छा मौका साबित हो सकता है। इस आर्टिकल में 5 ऐसे बिजनेस आइडिया (Top 5 Monsoon Business Ideas) के बारे में बता रहे हैं, जिनसे बारिश के मौसम में अच्छी कमाई की जा सकती है।

रेनकोट और छाता बेचने का बिजनेस

बरसात शुरू होते ही रेनकोट और छातों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर ऑफिस जाने वाले लोगों तक, हर किसी को इनकी जरूरत पड़ती है। आप थोक बाजार से कम कीमत पर सामान खरीदकर अपने इलाके में दुकान, स्टॉल या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बेच सकते हैं। अगर सही लोकेशन पर बिक्री की जाए तो इस बिजनेस में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।

चाय, पकौड़े और स्नैक्स का स्टॉल

मानसून के दौरान गरमा-गरम चाय और पकौड़ों का स्वाद लगभग हर किसी को पसंद आता है। ऐसे में चाय, कॉफी, भुट्टा, पकौड़े, समोसे या दूसरे स्नैक्स का छोटा स्टॉल शुरू करना फायदे का सौदा हो सकता है। बस, आपको साफ-सफाई और स्वाद का विशेष ध्यान रखना होगा। भीड़भाड़ वाले बाजार, ऑफिस एरिया या बस स्टैंड जैसी जगहों पर यह कारोबार अच्छी आमदनी दे सकता है।

वॉटरप्रूफ मोबाइल और लैपटॉप एक्सेसरीज

बारिश के मौसम में लोग अपने मोबाइल, लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को सुरक्षित रखने के लिए वॉटरप्रूफ कवर, बैग, पाउच और बैकपैक खरीदते हैं। इन प्रोडक्ट की मांग मानसून के दौरान बढ़ जाती है। आप इन्हें ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों बेच सकते हैं। अगर आपके पास पहले से मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार है, तो इस तरह के प्रोडक्ट जोड़कर बिक्री बढ़ाई जा सकती है।

कार/बाइक वॉशिंग सर्विस

बरसात में कार, बाइक और स्कूटर पर कीचड़ और गंदगी जल्दी जमा हो जाती है। ऐसे में कार/बाइक वॉशिंग सर्विस

और इंटीरियर क्लीनिंग की मांग बढ़ जाती है। अगर आपके पास जगह और जरूरी उपकरण हैं तो आप यह बिजनेस शुरू कर सकते हैं। वहीं, डोरस्टेप कार वॉश जैसी सुविधा देकर भी ग्राहकों को आकर्षित किया जा सकता है।

होम डिलीवरी और किराना सेवा

बारिश के दौरान कई लोग घर से बाहर निकलने से बचते हैं। ऐसे में किराना, सब्जियां, दवाइयां और रोजमर्रा का सामान घर तक पहुंचाने की सेवा शुरू करना भी कमाई का अच्छा विकल्प हो सकता है। अगर आपके इलाके में इस तरह की सुविधा सीमित है, तो आप स्थानीय दुकानों के साथ मिलकर होम डिलीवरी सर्विस शुरू कर सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article