बिजनेस

बाजार की चाल से बेफिक्र उड़ रहा ये शेयर, चौतरफा तबाही के बीच आज लगाई 15% की छलांग

पूरी दुनिया के शेयर बाजारों में हाहाकार मचा है। लेकिन, कुछ शेयरों पर निवेशकों को इतना भरोसा है कि चौतरफा बिकवाली के दौर में भी इनमें खरीदारी हो रही है। सोमवार सेंसेक्स-निफ्टी 1 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए, ये शेयर 15% तेजी के साथ बंद हुआ।

Image

शेयर में जोरदार तेजी

ग्लोबल बाजारों में दबाव और घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद एक स्मॉलकैप स्टॉक ने निवेशकों का ध्यान खींच लिया। क्यूपिड लिमिटेड का शेयर सोमवार को करीब 15% उछल गया। हाल ही में घोषित 4:1 बोनस इश्यू और रिकॉर्ड डेट के कारण स्टॉक में तेज खरीदारी देखने को मिली।

कमजोर बाजार के बीच तेज रफ्तार

सोमवार (9 मार्च 2026) को जब घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का माहौल था, तब स्मॉलकैप कंपनी क्यूपिड लिमिटेड का शेयर तेजी से चढ़ता नजर आया। बीएसई पर शेयर करीब 15% की तेजी के साथ 92.40 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। इससे पहले इसका पिछला बंद भाव 80.40 रुपये था। बाजार में चौतरफा दबाव के बावजूद इस शेयर में मजबूत खरीदारी देखी गई, जिसने इसे निवेशकों के बीच चर्चा का केंद्र बना दिया। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी का मार्केट कैप करीब 12,162 करोड़ रुपये है।

बोनस इश्यू बना तेजी का बड़ा कारण

कंपनी ने हाल ही में अपने शेयरधारकों के लिए 4:1 बोनस इश्यू की घोषणा की है। इस कॉरपोरेट एक्शन के तहत निवेशकों को हर एक शेयर पर चार अतिरिक्त बोनस शेयर मिलेंगे। कंपनी ने इसके लिए 9 मार्च 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। इसका मतलब है कि इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, वे बोनस शेयर पाने के पात्र होंगे। कंपनी ने बताया है कि बोनस शेयर का डीम्ड अलॉटमेंट 10 मार्च 2026 को किया जाएगा।

इस प्रक्रिया के तहत कुल 1,07,57,28,560 पूरी तरह चुकता बोनस इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जिनका फेस वैल्यू 1 रुपये होगा।

सर्विलांस फ्रेमवर्क में भी शामिल

दिलचस्प बात यह है कि फिलहाल यह शेयर सेबी के ASM LT: Stage-1 सर्विलांस फ्रेमवर्क के तहत है। आमतौर पर एक्सचेंज ऐसे शेयरों पर नजर रखते हैं जिनमें कम समय में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इसका उद्देश्य निवेशकों को सतर्क करना और बाजार में असामान्य गतिविधियों पर निगरानी रखना होता है।

सुपर मल्टीबैगर रिटर्न

क्यूपिड लिमिटेड का शेयर पिछले कुछ वर्षों में निवेशकों के लिए जबरदस्त मल्टीबैगर साबित हुआ है। कंपनी के शेयर ने लंबी अवधि में असाधारण रिटर्न दिए हैं, जिसने इसे स्मॉलकैप सेगमेंट के चर्चित स्टॉक्स में शामिल कर दिया है। आंकड़ों के मुताबिक शेयर ने एक हफ्ते में करीब 11%, एक महीने में 8% और छह महीने में करीब 131% की तेजी दिखाई है। वहीं एक साल में इसमें करीब 591% की उछाल आई है। लंबी अवधि के प्रदर्शन पर नजर डालें तो दो साल में शेयर करीब 269%, तीन साल में 3484% और पांच साल में करीब 4038% चढ़ चुका है। कंपनी के शेयर की 52 हफ्ते की रेंज 105.48 रुपये से 10 रुपये के बीच रही है।

बोनस शेयर क्या होते हैं

बोनस इश्यू में कंपनियां अपने मौजूदा शेयरधारकों को मुफ्त में अतिरिक्त शेयर जारी करती हैं। ये शेयर आमतौर पर कंपनी के रिजर्व या जमा मुनाफे से जारी किए जाते हैं। इस प्रक्रिया में निवेशकों के पास मौजूद शेयरों की संख्या बढ़ जाती है, जबकि शेयर की कीमत अनुपातिक रूप से समायोजित हो जाती है। इससे कंपनी के मार्केट कैप पर कोई असर नहीं पड़ता, लेकिन बाजार में शेयर की लिक्विडिटी बढ़ती है और छोटे निवेशकों के लिए शेयर अपेक्षाकृत सस्ता हो जाता है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article