लॉजिस्टिक्स कंपनी North Eastern Carrying Corporation (NECC) ने मार्च तिमाही (Q4FY25) के वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा साल-दर-साल 38.4% गिरकर ₹1.76 करोड़ रह गया, जो कि पिछले साल इसी तिमाही में ₹2.8 करोड़ था। वहीं, राजस्व भी 4% घटकर ₹88.09 करोड़ रहा, जबकि पिछले वर्ष यह ₹91.8 करोड़ था।
NECC शेयर की चाल
NECC का शेयर बुधवार को बीएसई पर ₹24.91 पर खुला और दिनभर के कारोबार के दौरान ₹25.15 का उच्चतम स्तर तथा ₹24.60 का न्यूनतम स्तर छूने के बाद अंततः 2.24% की तेजी के साथ ₹25.05 पर बंद हुआ। बीते 5 दिनों में इस शेयर ने 4.05% की वृद्धि दर्ज की है, जबकि एक महीने में इसमें 8% की तेजी देखने को मिली है। हालांकि, वर्ष 2025 की शुरुआत से अब तक इसमें 30% से अधिक की गिरावट आई है। इसके बावजूद, लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह स्टॉक आकर्षक रहा है, क्योंकि बीते 5 वर्षों में इसने लगभग 450% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
कंपनी की सेवाएं और विस्तार
NECC भारत की एक अग्रणी लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सेवा प्रदाता कंपनी है, जो व्यापक स्तर पर माल परिवहन और आपूर्ति श्रृंखला समाधान उपलब्ध कराती है। इसके सेवाओं में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय माल परिवहन, पार्सल से लेकर ओवर-डायमेंशनल प्रोजेक्ट्स तक की डिलीवरी, वेयरहाउसिंग, पैकिंग और थर्ड पार्टी लॉजिस्टिक्स शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी एंड-टू-एंड सप्लाई चेन सॉल्यूशन्स भी प्रदान करती है, जिससे ग्राहकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी लॉजिस्टिक्स सेवाएं मिलती हैं।
कंपनी के पास भारत और नेपाल में लगभग 300 ब्रांच ऑफिस, और भूटान व बांग्लादेश में ऑपरेशनल सेटअप हैं। ग्राहकों के लिए ऑनलाइन कंसाइनमेंट ट्रैकिंग सिस्टम भी उपलब्ध है।
डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
