बिजनेस

दहाड़ा रुपया तो पस्त हुआ डॉलर, अब 1 डॉलर की कीमत घटकर हुई इतनी

डॉलर के सामने आज रुपये में अच्छी मजबूती दर्ज की गई। कच्चे तेल में नरमी से रुपये में यह उछाल आया है।

Image

आज डॉलर का भाव

अमेरिकी डॉलर के सामने आज रुपये ने लंबी छलांग लगाई। रुपया मंगलवार को 48 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.95 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर जोखिम लेने की धारणा में सुधार और होर्मुज जलडमरूमध्य से अधिक आवाजाही के कारण कच्चे तेल की कीमतों में नरमी हैं। इसके चलते रुपये में मजबूती लौटी। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि सऊदी अरब की ओर से एशियाई ग्राहकों के लिए अगस्त महीने के लिए कच्चे तेल के आधिकारिक बिक्री मूल्य (ओएसपी) में प्रति बैरल 11 डॉलर की कटौती की गई। इससे कच्चे तेल की लागत घटने की उम्मीद बढ़ी और रुपये को समर्थन मिला है।

भारत पर महंगाई का दबाब कम हुआ

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक भारत पर महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था और रुपये दोनों को समर्थन मिलने की संभावना है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.33 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.94 से 95.37 के दायरे में रहा।

अंत में रुपया 94.95 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 48 पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार को 25 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.43 पर बंद हुआ था।

एक्सपर्ट का क्या है कहना?

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ’’वैश्विक स्तर पर जोखिम लेने की धारणा में सुधार और डॉलर के कमजोर होने से आज भारतीय रुपये में अच्छी बढ़त देखी गई। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी रुपये को सहारा दिया, क्योंकि इससे महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.60 से 95.30 के दायरे में रहने का अनुमान है। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.96 पर रहा।

कच्चे तेल में मामूली तेजी

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.85 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 104.35 अंक लुढ़ककर 78,180.72 अंक पर जबकि निफ्टी 31.65 अंक की गिरावट के साथ 24,398.70 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 243.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article