बिजनेस

टेक्नोलॉजी का नौकरियों पर असर! अधिकांश कामकाजी पेशेवर भविष्य को लेकर चिंतित, रिपोर्ट में दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 20, 2023, 07:08 PM IST

हीरो समूह की कंपनी हीरो वायर्ड की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अधिकांश कामकाजी पेशेवर नई टैक्नोलॉजी के कारण नौकरियां गैर-जरूरी बनाए जाने को लेकर चिंतित हैं।

Image

क्या नई टेक्नोलॉजी से नौकरियों पर असर पड़ेगा?

Photo : BCCL

अधिकांश कामकाजी पेशेवर नई प्रौद्योगिकियों के कारण नौकरियां गैर-जरूरी बनाए जाने को लेकर चिंतित हैं लेकिन उन्हें कौशल बढ़ाने से तेजी से बदलते कामकाजी माहौल में आगे बढ़ने में मदद मिलने की उम्मीद है। एक अध्ययन रिपोर्ट में यह आकलन पेश किया गया है। हीरो समूह की कंपनी हीरो वायर्ड की यह रिपोर्ट करीब दो लाख लोगों के बीच कराए गए एक व्यापक सर्वेक्षण पर आधारित है। इस सर्वेक्षण में छात्र, कामकाजी पेशेवर और शिक्षाविद शामिल थे।

रिपोर्ट के मुताबिक अध्ययन में शामिल 82 प्रतिशत कामकाजी पेशेवरों ने उभरती प्रौद्योगिकियों के कारण नौकरियों को गैर-जरूरी बनाए जाने की आशंका जताई है। यह निष्कर्ष नौकरी की सुरक्षा पर विकसित प्रौद्योगिकियों के प्रभाव के बारे में कार्यबल के भीतर की बेचैनी दिखाता है। रिपोर्ट कहती है कि इन चिंताओं के बावजूद 78 प्रतिशत कामकाजी पेशेवर तेजी से बदलते कामकाजी माहौल में आगे बढ़ने के लिए कौशल में सुधार को एक सक्रिय रणनीति मानते हैं। इसके मुताबिक, यह स्वीकृति आज के गतिशील नौकरी बाजार में प्रासंगिक बने रहने के लिए निरंतर सीखने और कौशल बढ़ाने की अहमियत को लेकर बढ़ती जागरूकता दिखाती है।

हीरो वायर्ड के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अक्षय मुंजाल ने कहा कि चूंकि पेशेवर और कंपनियां समान रूप से स्थिरता, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं लिहाजा इन क्षेत्रों में नौकरियों की मांग होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 39 प्रतिशत प्रतिभागियों का मानना है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बारे में जानकारी उनके मौजूदा संगठनों के भीतर उनके करियर विकास के अवसरों को प्रभावित करने लगी है। हालांकि 43 प्रतिशत पेशेवर अपने नियोक्ता की तरफ से एआई से संबंधित समुचित प्रशिक्षण न दिए जाने की बात करते हैं। (भाषा इनपुट)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article