बिजनेस

Tata Technologies Q1 FY26 Result: टाटा टेक्नोलॉजीज के नेट प्रॉफिट में इतना इजाफा, रेवेन्यू का रहा ये हाल

Tata Technologies Q1 FY26 Result: टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (TTL) का चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 5% बढ़कर ₹170.28 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में ₹162.03 करोड़ था। हालांकि, कंपनी का परिचालन राजस्व ₹1,244.29 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की पहली तिमाही में ₹1,268.97 करोड़ था, यानी इसमें मामूली गिरावट आई है।

Image

टाटा टेक्नोलॉजीज का Q1FY26 में शुद्ध लाभ 5% बढ़ा, राजस्व में मामूली गिरावट (तस्वीर सौजन्य- Tata Technologies X Video)

Tata Technologies Q1 Results FY26: टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (TTL) ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी किए हैं। इस दौरान कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर ₹170.28 करोड़ पहुंच गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह लाभ ₹162.03 करोड़ था। कंपनी ने यह जानकारी शेयर बाजारों को दी।

परिचालन राजस्व में हल्की गिरावट

हालांकि, इस तिमाही के दौरान टाटा टेक्नोलॉजीज का कुल परिचालन राजस्व ₹1,244.29 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹1,268.97 करोड़ था। यानी सालाना आधार पर इसमें हल्की गिरावट दर्ज की गई है।

कुल खर्च में मामूली बढ़ोतरी

कंपनी का कुल खर्च इस तिमाही में थोड़ा बढ़ा है। वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में जहां कंपनी का खर्च ₹1,072.33 करोड़ था, वहीं चालू तिमाही में यह बढ़कर ₹1,080.11 करोड़ हो गया।

सीईओ का भरोसा – लॉन्ग टर्म प्रतिबद्धताएं मजबूत

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक टीटीएल के सीईओ और प्रबंध निदेशक वॉरेन हैरिस ने कहा कि तिमाही की शुरुआत सतर्कता के साथ हुई, लेकिन बाद में ग्राहकों का भरोसा बढ़ा, जिससे उत्पाद इनोवेशन और डिजिटल बदलाव को लेकर लॉन्ग टर्म प्रतिबद्धताएं स्पष्ट हुईं।

वोल्वो कार्स के साथ रणनीतिक साझेदारी

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक टाटा टेक्नोलॉजीज ने बताया कि वोल्वो कार्स ने उसे उत्पाद इंजीनियरिंग, एम्बेडेड सॉफ्टवेयर और पीएलएम (प्रोडक्ट लाइफसायकल मैनेजमेंट) के लिए एक रणनीतिक आपूर्तिकर्ता के रूप में चुना है। यह साझेदारी कंपनी के लिए भविष्य में नए अवसरों के द्वार खोल सकती है।

भविष्य को लेकर आशावाद

हैरिस ने कहा कि हम वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में सुधार और साल की दूसरी छमाही में और बेहतर प्रदर्शन को लेकर आशावादी हैं। वर्तमान में हमारी डील की संख्या पिछले साल की तुलना में कहीं अधिक मजबूत है। यह प्रदर्शन कंपनी की स्थिरता और लॉन्ग टर्म विकास रणनीति को दर्शाता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article