Suraj Estate Developers IPO: सूरज एस्टेट डेवलपर्स ने अपने आईपीओ (IPO) के लिए प्रति शेयर 340 से 360 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। मुंबई स्थित कंपनी का आईपीओ 18 दिसंबर को खुलेगा और 20 दिसंबर को बंद होगा। कंपनी का आईपीओ 400 करोड़ रुपये का है। ये एक फ्रेश इक्विटी शेयर इश्यू होगा। यानी इसमें नए शेयर जारी किए जाएंगे। इश्यू में कोई ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल नहीं है। आईपीओ से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल कंपनी और उसकी सब्सिडियरी कंपनियों एकॉर्ड एस्टेट्स और आइकॉनिक प्रॉपर्टी डेवलपर्स द्वारा लिए गए लोन के भुगतान और जमीन खरीदने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा एक हिस्से का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट कार्यों के लिए भी किया जाएगा।
कितनी है शेयरों की लॉट साइज
सूरज एस्टेट डेवलपर्स के आईपीओ में शेयरों की लॉट का साइज 41 शेयरों का है। यानी आपको कम से कम 41 शेयर और फिर इसी की गुणा में आवेदन करना होगा। बता दें कि आईपीओ से जुटाए जाने वाले पैसे से कंपनी अपना 285 करोड़ रु का कर्ज चुकाएगी।
कितना है जीएमपी
इंवेस्टरगेन के अनुसार सूरज एस्टेट डेवलपर्स का जीएमपी या ग्रे मार्केट प्रीमियम 51 रु पर है। यानी कंपनी का शेयर प्राइस बैंड के हायर प्राइस से 51 रु ऊपर लिस्ट हो सकता है। मगर ध्यान रहे कि जीएमपी केवल एक संकेतक है। शेयर की लिस्टिंग तक ये घट भी सकता है।
दक्षिण मध्य मुंबई क्षेत्र में आवासीय और कमर्शियल प्रॉपर्टीज डेवलप करने वाली सूरज एस्टेट ने अपने इश्यू का आधा हिस्सा योग्य संस्थागत निवेशकों (Qualified Institutional Investors) के लिए, 15 प्रतिशत हाई नेटवर्थ वाले व्यक्तियों के लिए और बाकी 35 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित किया है।
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर एक आईपीओ की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
