बिजनेस

NCLT में अटकी समाधान योजनाओं पर उच्चतम न्यायालय का बड़ा कदम, खुद शुरू की सुनवाई

शीर्ष अदालत में एनसीएलटी की प्रधान पीठ की तरफ से रखी गई रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में 383 आवेदन समाधान योजनाओं की मंजूरी के लिए लंबित हैं, जिनमें देरी एक महीने से लेकर 700 दिनों से अधिक तक की है।

Image

उच्चतम न्यायालय।

उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) में समाधान योजनाओं को मंजूरी देने में हो रही देरी पर खुद से संज्ञान लिया है। कोर्ट ने इस स्थिति को “गंभीर” बताया है और कहा है कि अगर इस समस्या का जल्दी और गंभीरता से समाधान नहीं किया गया, तो दिवाला कानून (Insolvency Law) का पूरा उद्देश्य ही खत्म हो सकता है।

न्यायमूर्ति जे. बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. वी. विश्वनाथन की पीठ ने बुधवार को यह भी कहा कि देशभर की NCLT पीठों में कर्मचारियों और जरूरी सुविधाओं की कमी है। इसके साथ ही अदालत ने निर्देश दिया कि इस मामले को मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत के सामने रखा जाए, ताकि इसे सही पीठ को सुनवाई के लिए सौंपा जा सके।

शीर्ष अदालत में एनसीएलटी की प्रधान पीठ की तरफ से रखी गई रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में 383 आवेदन समाधान योजनाओं की मंजूरी के लिए लंबित हैं, जिनमें देरी एक महीने से लेकर 700 दिनों से अधिक तक की है।

इसलिए बनाई जाती है योजना

दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता (IBC) के तहत, जब कोई कंपनी कर्ज में डूब जाती है, तो उसे बचाने के लिए एक कर्ज समाधान योजना बनाई जाती है। इस योजना में कंपनी के ढांचे में बदलाव, कर्ज की शर्तों में संशोधन या फिर किसी दूसरी कंपनी द्वारा उसे खरीदने जैसी बातें शामिल होती हैं, ताकि उसका कारोबार दोबारा ठीक से चल सके।

शीर्ष अदालत ने यह आदेश 2023 में राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायालय (एनसीएलएटी) के एक आदेश के खिलाफ दायर दो याचिकाओं की सुनवाई के दौरान दिया। उच्चतम न्यायालय ने 16 अप्रैल को सुनवाई के दौरान एनसीएलटी से देशभर में लंबित मामलों, उनकी अवधि और देरी के कारणों का विवरण मांगा था। इसके साथ ही भारतीय दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता बोर्ड को भी मामले में पक्षकार बनाते हुए आवश्यक आंकड़े उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था।

(इनपुट- भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article