बिजनेस

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 595 अंक उछला, जानें क्यों?

Image

शेयर बाजार

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 595.19 अंक उछलकर 84,466.51 और एनएसई निफ्टी 180.85 अंक की बढ़त के साथ 25,875.80 अंक पर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में तेजी के बीच विभिन्न क्षेत्रों के निवेशकों की ओर से की गई खरीदारी से बाजार में तेजी रही। इसके अलावा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते जल्द होने की उम्मीद और लंबे समय से जारी अमेरिकी सरकार के ‘शटडाउन’ को समाप्त करने की दिशा में प्रगति ने निवेशकों की धारणा को मजबूत किया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी सरकार के कई विभागों में कामकाज ठप होने के संभावित समाधान को लेकर उम्मीद बढ़ने और अमेरिकी श्रम बाजार में नरमी के संकेतों के बीच फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती की बढ़ती उम्मीदों के साथ, नए जोखिम उठाने की क्षमता के कारण वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी आई। नायर ने कहा कि उभरते बाजारों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जो वैश्विक धारणा में सुधार को दर्शाता है।

इन कंपनियों के शेयरों में तेजी

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, इटर्नल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, भारती एयरटेल, सन फार्मास्युटिकल्स, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर फायदे में रहे। दूसरी ओर आज ही सूचीबद्ध हुई टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स, टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर नुकसान में रहे।

विदेशी बाजारों में तेजी

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंग सेंग और जापान का निक्की 225 बढ़त के साथ जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी बाजार मंगलवार को काफी हद तक बढ़त के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64.92 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 803.22 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,188.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article