बिजनेस

Extra Cash को कहां करें इस्तेमाल, ये 7 स्मार्ट तरीके आपके पैसों को बर्बाद होने से बचाएंगे

अचानक मिला बोनस, टैक्स रिफंड या कोई पुरानी बचत हाथ में एक्स्ट्रा कैश आते ही सबसे पहले हमारे मन में शॉपिंग का ख्याल आता है। इस 'सरप्लस' मनी को ऐसी जगह लगाना चाहिए जहां से भविष्य में रिटर्न मिल सके।

Image

extra cash (Photo: iStock)

How to use extra cash wisely: अक्सर लोग एक्स्ट्रा पैसा (Extra Cash) आने पर कंफ्यूज रहते हैं कि इसे कहां खर्च किया जाए। जब टैक्स रिफंड, बोनस या किसी और तरीके से एक्स्ट्रा पैसा आता है तो इसे खर्च करने के तरीके को तय करना कुछ मुश्किल हो सकता है। अगर इस पैसे को सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो यह आपके भविष्य को बेहतर बना सकता है। वहीं, गलत फैसले इसे जल्दी खत्म भी कर सकते हैं। इस आर्टिकल में आपको एक्स्ट्रा पैसा खर्च करने का सही तरीका ही बताने जा रहे हैं-

कहां खर्च करें एक्स्ट्रा पैसा

How to use extra cash wisely

extra cash (Photo: iStock)

क्रेडिट कार्ड

सबसे पहला और समझदारी भरा कदम क्रेडिट कार्ड का कर्ज चुकाना हो सकता है। क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दर काफी ज्यादा होती है और अगर आप सिर्फ मिनिमम पेमेंट करते हैं, तो बाकी रकम पर लगातार ब्याज जुड़ता रहता है। इससे आपका कर्ज धीरे-धीरे बढ़ता जाता है और आप एक तरह के कर्ज के जाल में फंस सकते हैं। ऐसे में जब भी आपके पास अतिरिक्त पैसा आए, तो उसे सबसे पहले इस कर्ज को खत्म करने में लगाना चाहिए।

निवेश (Investment)

इस पैसे को निवेश (Investment) के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। आप म्यूचुअल फंड SIP, फिक्स्ड डिपॉजिट या अन्य सुरक्षित विकल्प चुन सकते हैं। SIP के जरिए आप छोटी-छोटी रकम से भी निवेश शुरू कर सकते हैं, जो समय के साथ कंपाउंडिंग के जरिए बड़ा फंड बन सकती है। वहीं, फिक्स्ड डिपॉजिट में जोखिम कम होता है और आपको तय रिटर्न मिलता है।

नई स्किल

किसी नई स्किल को सीखने पर भी एक्स्ट्रा पैसे को लगाया जा सकता है। आज के समय में स्किल्स की बहुत अहमियत है और नई-नई स्किल्स सीखने से आपके करियर के अवसर बढ़ते हैं। आप कोई ऑनलाइन कोर्स कर सकते हैं, नई भाषा सीख सकते हैं या किसी प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन में निवेश कर सकते हैं। यह खर्च नहीं बल्कि एक निवेश होता है, क्योंकि इससे आपकी कमाई बढ़ने की संभावना होती है।

क्रिएटिव शौक

आप अपने क्रिएटिव शौक जैसे गाना, डांस, पेंटिंग या म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट सीखने में भी पैसा लगा सकते हैं। ये चीजें भले ही सीधे तौर पर कमाई से जुड़ी न हों, लेकिन यह आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं। रोजमर्रा की भागदौड़ और तनाव के बीच ये शौक आपको सुकून देते हैं और आपकी सोच को नया नजरिया देते हैं।

ट्रैवल

अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं, तो यह पैसा ट्रैवल पर भी खर्च किया जा सकता है। नई जगहों पर जाना, अलग-अलग संस्कृतियों को समझना और नए लोगों से मिलना आपके अनुभव को समृद्ध बनाता है। ट्रैवल से आपको मानसिक ताजगी मिलती है और यह आपकी लाइफ को बैलेंस करने में मदद करता है।

घर

आप अपने घर को बेहतर बनाने में भी निवेश कर सकते हैं। छोटे-छोटे बदलाव जैसे दीवारों पर नया पेंट, फर्नीचर अपडेट करना या ऊर्जा बचाने वाले उपकरण लगाना आपके घर को अधिक आरामदायक बना सकता है। इससे न सिर्फ आपके रहने का अनुभव बेहतर होता है, बल्कि घर की वैल्यू भी बढ़ सकती है।

फिटनेस

इसके साथ ही, फिटनेस पर खर्च करना भी एक बेहतरीन निवेश माना जाता है। जिम मेंबरशिप, पर्सनल ट्रेनर, हेल्दी डाइट प्लान या मेडिकल चेकअप जैसी चीजों पर खर्च करना आपके स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। स्वस्थ शरीर ही आपको बेहतर तरीके से काम करने और जीवन का आनंद लेने में मदद करता है।

कहां खर्च नहीं करना चाहिए एक्स्ट्रा पैसा

एक्स्ट्रा पैसा फैशन पर ज्यादा खर्च करना समझदारी नहीं है, क्योंकि इसकी वैल्यू लंबे समय तक नहीं रहती। कपड़े, जूते या एक्सेसरीज कुछ समय के लिए आपको अच्छा महसूस करा सकते हैं, लेकिन इनकी उपयोगिता जल्दी खत्म हो जाती है और यह कोई स्थायी फायदा नहीं देते।

वहीं अगर पैसा यूं ही आपके बैंक अकाउंट में पड़ा रहेगा, तो धीरे-धीरे वह छोटी-छोटी अनावश्यक चीजों में खर्च हो सकता है और आपको पता भी नहीं चलेगा कि पैसा कहां चला गया। बिना किसी प्लान के रखा गया पैसा अक्सर बेकार खर्चों में खत्म हो जाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article