बिजनेस

SIP निवेशकों का Mutual Fund से मोहभंग! 12 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा निवेश, जानें क्यों?

शेयर बाजार में जारी गिरावट ने म्यूचुअल फंड निवेशकों को निराश किया है। इसके चलते वो अब अपना पैसा बाजार से निकाल रहे हैं।

Image

म्यूचुअल फंड

पिछले दो साल से शेयर बाजार में जारी 'रोलर-कोस्टर' राइड ने सिर्फ स्टॉक निवेशकों को ही नहीं, बल्कि म्यूचुअल फंड निवेशकों को भी निराश किया है। इसका परिणाम यह हुआ है कि छोटे निवेशकों का म्यूचुअल फंड से मोहभंग हो रहा है। SIP के जरिये Mutual Fund में निवेश लगातार कम हो रहा है। इसका परिणाम यह हुआ है कि इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश मई में 12 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया है। बता दें कि इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में शुद्ध निवेश मई में एक साल के सबसे निचले स्तर 22,908 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह प्रवाह अप्रैल में दर्ज 38,440 करोड़ रुपये से 40 प्रतिशत कम रहा।

64,131 करोड़ रुपये की बड़ी निकासी हुई

एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, म्यूचुअल फंड उद्योग में मई में कुल मिलाकर 64,131 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज हुई जबकि अप्रैल में 3.22 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया था। इसकी मुख्य वजह ऋण उन्मुख योजनाओं से 96,948 करोड़ रुपये की निकासी रही। इसके परिणामस्वरूप, उद्योग की प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) मई के अंत में घटकर 81.6 लाख करोड़ रुपये रह गईं, जो एक महीने पहले 81.92 लाख करोड़ रुपये थीं।

मई 2025 के बाद सबसे कम निवेश

आंकड़ों के अनुसार, मई में इक्विटी स्कीम में शुद्ध निवेश 22,908 करोड़ रुपये रहा। यह अप्रैल में 38,440 करोड़ रुपये, मार्च में 40,450 करोड़ रुपये, फरवरी में 25,978 करोड़ रुपये और जनवरी में 24,028 करोड़ रुपये था। ताजा निवेश मई 2025 के बाद सबसे कम है जब इक्विटी म्यूचुअल फंड में 19,013 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया था।

इक्विटी योजनाओं में ’फ्लेक्सी-कैप’ फंड में सबसे अधिक 5,175 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया, इसके बाद ’स्मॉल कैप’ फंड में 4,945 करोड़ रुपये और मिड कैप फंड में 4,385 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। लार्ज कैप फंड में तुलनात्मक रूप से कम 1,593 करोड़ रुपये का निवेश आया।

गोल्ड ईटीएफ से भी निकासी

दूसरी ओर, कर बचत वाली इक्विटी योजनाओं (ईएलएसएस) में मई में शुद्ध निकासी देखी गई। इस बीच, गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में मई में 725 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई जबकि अप्रैल में इसमें 3,040 करोड़ रुपये का निवेश आया था। यह इस परिसंपत्ति वर्ग में निवेशकों की कम होती रुचि को दर्शाता है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article