Share Market Today : भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की है। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex 300 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 76,514.79 अंक तक उछल गया। वहीं, Nifty 70 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 23,895.30 अंक पर कारोबार कर रहा है। बाजार में तेजी को बैंकिंग, आईटी और फार्मा शेयर लीड कर रहे हैं। ये तीनों सेक्टर मंगलवार को आई बड़ी गिरावट में सबसे ज्यादा टूटे थे। लेकिन, आज इनमें जोरदार तेजी है। निफ्टी बैंक 57,500 के ऊपर कारोबार कर रहा है और करीब 0.55% मजबूत है। वहीं निफ्टी आईटी 0.66%, निफ्टी फार्मा 0.75%, हेल्थकेयर 0.71% और प्राइवेट बैंक 0.65% की बढ़त के साथ निवेशकों की पसंद बने हुए हैं।
बैंकिंग शेयर बने बाजार के हीरो
आज की तेजी में सबसे बड़ा योगदान वित्तीय शेयरों का रहा। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और बैंकिंग इंडेक्स दोनों हरे निशान में हैं। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक एक बार फिर बड़े और मजबूत शेयरों में पैसा लगा रहे हैं। बाजार में फिलहाल डिफेंसिव और क्वालिटी स्टॉक्स की ओर रुझान दिखाई दे रहा है।
स्मॉलकैप में मुनाफावसूली
हालांकि मुख्य सूचकांक मजबूत हैं, लेकिन व्यापक बाजार में तस्वीर थोड़ी अलग है। निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.16% और निफ्टी माइक्रोकैप 250 में 0.16% की गिरावट दर्ज की गई है। इससे संकेत मिलता है कि हालिया तेजी के बाद निवेशक छोटे शेयरों में मुनाफावसूली कर रहे हैं।
वैश्विक संकेत मिले-जुले
घरेलू बाजार को गिफ्ट निफ्टी में 0.31% की बढ़त से सहारा मिला। हालांकि अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को दबाव देखने को मिला था। नैस्डैक 2.08% और एसएंडपी 500 1.44% फिसले, जिससे वैश्विक निवेशकों की सतर्कता बनी हुई है। एशिया में भी मिश्रित रुख देखने को मिल रहा है। कोस्पी करीब 1% मजबूत है, जबकि निक्केई और ताइवान इंडेक्स दबाव में हैं।
तेल और सोने में नरमी से राहत
कमोडिटी बाजार से भी भारतीय बाजार को सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। ब्रेंट क्रूड 76 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है और करीब 1% कमजोर है। वहीं सोने की कीमतों में भी 1% से ज्यादा की गिरावट है। तेल की नरमी भारत जैसे आयातक देश के लिए राहत की खबर मानी जा रही है क्योंकि इससे महंगाई और आयात बिल पर दबाव कम हो सकता है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : दलाल स्ट्रीट पर 'ग्लैमर' का तड़का! अब वित्तीय ब्रांड्स का प्रचार कर सकेंगे सितारे; SEBI का बड़ा प्रस्ताव
