Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार के लिए आज ग्लोबल संकेत मिले-जुले हैं। GIFT Nifty फ्लैट शुरुआत का इशारा दे रहा है। US बाजार में हल्की कमजोरी रही। जबकि, एशियाई बाजारों में तेजी है। कच्चे तेल में गिरावट और जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच आज निफ्टी के लिए 24370-24400 अहम स्तर रहेगा।
फ्लैट ओपनिंग के संकेत
घरेलू बाजार में आज शुरुआत सपाट रहने की संभावना है। GIFT Nifty करीब 24300 के आसपास कारोबार कर रहा है, जो संकेत देता है कि निफ्टी हल्की गिरावट या सीमित दायरे में खुल सकता है। मंगलवार को निफ्टी करीब 1% चढ़कर 24261.60 पर बंद हुआ था। दिन के दौरान निचले स्तरों से खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार में मजबूती का संकेत मिला।
US बाजारों में कमजोरी
अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को शुरुआती तेजी टिक नहीं पाई। S&P 500 शुरुआती बढ़त गंवाकर गिरावट में बंद हुआ। निवेशकों के बीच अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को लेकर चिंता बनी हुई है। साथ ही महंगाई और संभावित स्टैगफ्लेशन की आशंका भी बाजार के सेंटीमेंट को प्रभावित कर रही है। डाउ जोन्स फ्यूचर्स हल्की बढ़त में हैं, लेकिन S&P 500 और नैस्डैक में कमजोरी का रुख बना हुआ है।
एशियाई बाजारों में तेजी
एशियाई बाजारों में आज मजबूती दिख रही है। जापान का निक्केई करीब 2% से ज्यादा उछला है। ताइवान और दक्षिण कोरिया के बाजारों में भी 3% के आसपास तेजी देखने को मिली। हांगकांग का हैंग सेंग और शंघाई कंपोजिट भी हल्की बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। हालांकि सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स थोड़ा कमजोर दिख रहा है।
कच्चे तेल में गिरावट
कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने कीमतों को काबू में लाने के लिए इतिहास की सबसे बड़ी रणनीतिक तेल भंडार रिलीज का प्रस्ताव दिया है। ब्रेंट क्रूड करीब 87.5 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है जबकि WTI करीब 83 डॉलर के पास है। तेल में गिरावट भारत जैसे आयातक देशों के लिए सकारात्मक संकेत माना जाता है।
करेंसी बाजार में सतर्कता
ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव के कारण करेंसी बाजार में सतर्कता बनी हुई है। डॉलर इंडेक्स करीब 98.8 के आसपास है। यूरो और पाउंड में हल्की मजबूती देखी जा रही है। डॉलर की मजबूती और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव उभरते बाजारों की मुद्राओं को प्रभावित कर सकता है।
निफ्टी के लिए अहम स्तर
SBI सिक्योरिटीज के तकनीकी विश्लेषक सुदीप शाह के मुताबिक निफ्टी के लिए 24370-24400 का दायरा अहम रेजिस्टेंस है। अगर इंडेक्स इस स्तर के ऊपर टिकता है तो तेजी बढ़कर 24650 तक जा सकती है। वहीं नीचे की ओर 24160-24130 का दायरा मजबूत सपोर्ट के तौर पर काम करेगा। इस स्तर के नीचे फिसलने पर बाजार में दबाव बढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
