बिजनेस

Shadowfax IPO Listing: निवेशकों को मिली निराशा, इश्यू प्राइस से 9.19% नीचे हुई शुरुआत, किसे हुआ फायदा?

लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर Shadowfax Technologies की लिस्टिंग ने निवेशकों को निराश किया है। IPO के जरिए मजबूत फंड जुटाने के बावजूद कंपनी की लिस्टिंग डिस्काउंट पर हुई है। NSE और BSE दोनों एक्सचेंजों पर Shadowfax के शेयर इश्यू प्राइस से करीब 9% नीचे खुले, जबकि सब्सक्रिप्शन आंकड़े मध्यम से मजबूत मांग का संकेत दे रहे थे।

Shadowfax IPO

लिस्टिंग ने किया निराश

Shadowfax Technologies IPO Listing: लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर Shadowfax Technologies के शेयरों ने शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत की। NSE पर Shadowfax का शेयर इश्यू प्राइस ₹124 के मुकाबले ₹11.40 यानी करीब 9.19% की गिरावट के साथ ₹112.60 पर लिस्ट हुआ। वहीं, BSE पर स्टॉक ₹113 पर खुला, जो इश्यू प्राइस से ₹11 या 8.87% नीचे रहा।

₹6,533 करोड़ हुआ मार्केट कैप

BSE के आंकड़ों के मुताबिक, लिस्टिंग के समय Shadowfax Technologies का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹6,532.91 करोड़ रहा। इश्यू के अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का वैल्यूएशन ₹7,100 करोड़ से अधिक आंका गया था।

IPO को मिला 2.72 गुना सब्सक्रिप्शन

₹1,907 करोड़ के इस आईपीओ को तीन दिन की बोली प्रक्रिया के अंत में कुल 2.72 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। एनएसई के डेटा के अनुसार, 8.90 करोड़ शेयरों के मुकाबले 24.23 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां आईं। QIB कैटेगरी में 3.81 गुना, रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए 2.31 गुना और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 84% सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया।

एंकर निवेशकों से पहले जुटाए ₹856 करोड़

IPO से पहले Shadowfax ने एंकर निवेशकों से ₹856 करोड़ जुटाए थे। इश्यू का प्राइस बैंड ₹118–124 प्रति शेयर तय किया गया था।

इश्यू स्ट्रक्चर और OFS डिटेल

IPO में ₹1,000 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹907.27 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल था। OFS के तहत Flipkart Internet, Eight Roads Investments Mauritius II, NewQuest Asia Fund IV (Singapore), Nokia Growth Partners IV, IFC, Mirae Asset, Qualcomm Asia Pacific और Snapdeal के फाउंडर्स कुनाल बहल व रोहित कुमार बंसल ने हिस्सेदारी बेची।

फंड का इस्तेमाल कहां होगा

कंपनी ने फ्रेश इश्यू से मिली राशि का उपयोग नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता बढ़ाने, फर्स्ट-माइल और लास्ट-माइल के लिए लीज पेमेंट, नए सॉर्ट सेंटर्स, ब्रांडिंग और मार्केटिंग, संभावित इनऑर्गेनिक एक्विजिशन और जनरल कॉरपोरेट पर्पस के लिए करने की योजना बताई है।

ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स में मजबूत मौजूदगी

Shadowfax को Flipkart, TPG, Eight Roads Ventures, Mirae Asset Ventures और Nokia Growth Funds जैसे दिग्गज निवेशकों का समर्थन हासिल है। कंपनी ई-कॉमर्स एक्सप्रेस पार्सल, वैल्यू-ऐडेड सर्विसेज, क्विक कॉमर्स, फूड डिलीवरी और ऑन-डिमांड मोबिलिटी कंपनियों को लॉजिस्टिक्स समाधान उपलब्ध कराती है।

किसे हुआ फायदा?

Shadowfax Technologies के IPO में शुरुआती निवेशकों ने दमदार मुनाफा बुक किया, जिसमें Fidelity समर्थित Eight Roads Investments सबसे बड़ा गेनर रहा और 1.58 करोड़ शेयर ₹197 करोड़ में बेचकर करीब 10.4 गुना रिटर्न कमाया। Flipkart ने OFS के जरिए 3.22 करोड़ शेयर बेचकर लगभग ₹400 करोड़ कैश इन किया, जबकि World Bank Group की IFC ने 52.86 लाख शेयर ₹65 करोड़ में बेचकर 3.7 गुना रिटर्न हासिल किया। Qualcomm Asia Pacific ने 5 गुना, Mirae Asset Global ने करीब 4.9 गुना, Nokia Growth Partners ने 3.5 गुना और NewQuest Asia ने 2.1 गुना रिटर्न दर्ज किया। लिस्टिंग के बाद भी इन प्रमुख निवेशकों के पास Shadowfax में बड़ी हिस्सेदारी बनी हुई है, जिससे कंपनी 2026 में लिस्ट होने वाली दूसरी नई-एज टेक फर्म बनने के साथ निवेशकों के लिए एक बड़ा वैल्यू-अनलॉक इवेंट साबित हुई।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

यतींद्र लवानिया
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article