Share Market Today: आज शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल सकती है। गिफ्ट निफ्टी के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचने और भारत-अमेरिका ट्रेड डील की उम्मीदों के बीच सेंसेक्स में 1000 अंकों से ज्यादा की उछाल संभव है। बलि प्रतिपदा की छुट्टी के बाद आज बाजार खुलते ही निवेशकों का जोश साफ दिखा। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद 23 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ खुले और ऑटो और बैंकिंग शेयरों की तेजी के चलते मार्केट नए ऑल टाइम हाई की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। निफ्टी 26,000 के स्तर के ऊपर ओपन हुआ, जबकि सेंसेक्स 520.61 अंक यानी 0.62% की तेजी के साथ 84,946.95 पर और निफ्टी 150.35 अंक या 0.58% की बढ़त के साथ 26,018.95 पर खुला।
वहीं प्री ओपनिंग में भी बाजार की शुरुआत शानदार रही। प्री-ओपनिंग सेशन में घरेलू शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 747 अंकों की जोरदार बढ़त के साथ 85,173.36 के स्तर पर पहुंच गया है। यह अपने ऑल-टाइम हाई से महज 800 अंक दूर है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी टैरिफ 15% तक बढ़ने, साल के दूसरे हाफ में कंपनियों की कमाई में इजाफा, त्योहारी सीजन में मांग बढ़ना, महंगाई कम होना और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद जैसी वजहों से बाजार में यह तेजी आई है। जानकार मानते हैं कि आने वाले दिनों में शेयर बाजार सितंबर 2024 के बाद नया रिकॉर्ड बना सकता है।
निफ्टी में श्रीराम फाइनेंस, टेक महिंद्रा, टाइटन कंपनी, टीसीएस, टाटा स्टील टॉप गेनर्स में शामिल हैं। जबकि मैक्स हेल्थकेयर, मारुति सुजुकी और अपोलो हॉस्पिटल्स निफ्टी टॉप लूजर्स रहे।
मुहूर्त ट्रेडिंग पर तेजी के साथ बंद हुआ बाजार
21 अक्टूबर को मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन शेयर बाजार सिर्फ एक घंटे के लिए खुला था। इस दौरान निफ्टी 25 अंकों की बढ़त के साथ 25,868 पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 63 अंक चढ़कर 84,426 के स्तर पर क्लोज हुआ। पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में बैंकिंग, फाइनेंशियल, एफएमसीजी, ऑटो और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है।
क्या होने जा रही है ट्रेड डील?
गिफ्ट निफ्टी में आई तेजी की एक बड़ी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत को माना जा रहा है। ट्रंप ने न सिर्फ पीएम मोदी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं, बल्कि यह भी कहा कि उन्हें भारत से बेहद लगाव है और दोनों देश एक संभावित ट्रेड डील पर मिलकर काम कर रहे हैं।
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत-अमेरिका के बीच यह समझौता लगभग अंतिम चरण में है। सूत्रों के अनुसार, अमेरिका की ओर से भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को घटाकर 15-16% तक किया जा सकता है। हालांकि यह जानकारी रिपोर्ट पर आधारित है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विदेशी निवेशकों की जबरदस्त खरीदारी
ट्रेड डील से जुड़ी सकारात्मक खबरों का असर विदेशी निवेशकों की धारणा पर भी साफ दिख रहा है। एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशक) लगातार भारतीय बाजार में खरीदारी बढ़ा रहे हैं। 21 अक्टूबर को मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान एफआईआई ने कैश मार्केट में 96 करोड़ रुपये की खरीदारी की। इसके पहले 20 अक्टूबर को उन्होंने 790 करोड़, 17 अक्टूबर को 308 करोड़ और 16 अक्टूबर को करीब 997 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
इन आंकड़ों से साफ है कि विदेशी निवेशकों का भरोसा भारतीय इक्विटी मार्केट में लगातार बढ़ रहा है, और ट्रेड डील की उम्मीदों ने बाजार की तेजी को और मजबूती दी है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
