बिजनेस

Share Market Opening: शेयर बाजार में आज जबरदस्त तेजी, 400 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी 24,500 के पार

कच्चे तेल में गिरावट और मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने से शेयर बाजार पर दबाव घटा है। आज सेंसेक्स 400 अंक चढ़कर खुला, जबकि निफ्टी भी 150 अंकों की मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है।

Image

Share Market

आज हफ्ते की शुरुआत में भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिल रही है और चारों तरफ हरियाली छाई हुई है। कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट, मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में तनाव कम होने और देश में शानदार जीएसटी कलेक्शन के आंकड़ों ने निवेशकों के चेहरे पर खुशी ला दी है। बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंकों की बढ़त के साथ खुला, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 24,500 के अहम स्तर को पार कर गया। शुरुआती कारोबार में सुबह 9:28 बजे सेंसेक्स 493 अंकों की तगड़ी उछाल के साथ 78,587 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, वहीं निफ्टी 50 भी 163 अंक चढ़कर 24,547 के पार पहुंच गया।

बाजार में आज इस धमाकेदार शुरुआत के संकेत सुबह से ही मिलने लगे थे, जब गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) लगभग 142 अंकों की मजबूती के साथ 24,595 के आसपास ट्रेड कर रहा था। एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर जैसे देशों के शेयर बाजारों पर आज कुछ दबाव देखने को मिला, लेकिन ताइवान के बाजार में हल्की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा, बीते शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजारों का मजबूती के साथ बंद होना भी भारतीय निवेशकों के भरोसे को बढ़ाने में मददगार साबित हुआ, जिससे घरेलू बाजार में खरीदारी का माहौल बना हुआ है।

इन शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी

आज शुरुआती कारोबार के दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स में आईटीसी (ITC), इंटरग्लोब एविएशन (IndiGo) और बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे ज्यादा मजबूती देखी जा रही है और ये टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हैं। इसके विपरीत सन फार्मा, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, ओएनजीसी (ONGC) और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना हुआ है, जिससे इनमें सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है। बड़े बाजार यानी ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो वहां भी निवेशकों का भरोसा मजबूत दिख रहा है, जहां निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.42 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। सेक्टर आधारित प्रदर्शन पर नजर डालें तो बाजार के सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं, जिनमें से शुरुआती घंटों में सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी एफएमसीजी (Nifty FMCG) और निफ्टी मेटल (Nifty Metal) इंडेक्स में दर्ज की गई है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article