How To Change Rs 2000 Notes : 2000 रु के नोट बंद किए (Rs 2000 Note Ban) जाने का असर दिखने लगा है। लोगों में टेंशन है कि नोट कैसे और कहां बदलें। इस बीच देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई (SBI) की तरफ से रविवार को की गई घोषणा इसके कस्टमर्स के लिए राहत भरी हो सकती है। बैंक ने कहा है कि वह ग्राहकों को 20,000 रुपये तक की राशि के 2000 रुपये के नोट बिना मांग पर्ची (Requisition Slip) के बदलने की अनुमति देगा। हालांकि इसके लिए एक लिमिट होगी।
कितने नोट बदले जाएंगे
देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई (SBI) ने कहा है कि 2000 रु के नोट बदलने के लिए किसी फॉर्म या आइडेंटिटी प्रूफ की जरूरत नहीं है। बैंक ने एक सर्कुलर में कहा कि एक बार में 20,000 रुपये की लिमिट तक 2,000 रुपये के नोट बदले जा सकते हैं। इसके लिए कोई फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी। 2000 के नोट बदलते समय में आपको किसी आईडी प्रूफ की भी जरूरत नहीं होगी। इससे लोग बिना मांग पर्ची भरे एक ही बार में 10 नोटों को एक्सचेंज कर सकेंगे।
आरबीआई का बैंकों को निर्देश
भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को ऐलान किया था कि यह 2000 रुपये के नोटों को सर्कुलेशन से वापस ले लेगा। आम जनता को करेंसी जमा करने या बदलने के लिए 30 सितंबर तक का समय मिलेगा। आरबीआई ने एक बयान में कहा कि ये नोट एक लीगल टेंडर बना रहेगा। आरबीआई ने घोषणा करते समय बैंकों को तत्काल प्रभाव से 2000 रुपये के बैंकनोट जारी करने से भी रोक दिया।
जो लोग अपने बैंकों में 2000 रु के नोट बदलना चाहते हैं वे मंगलवार 23 मई से किसी भी बैंक ब्रांच में ऐसा कर सकते हैं।
नोटबंदी पार्ट-2
भारत का सबसे बड़ा करेंसी नोट यानी 2000 रुपये का नोट, पहली बार नवंबर 2016 में शुरू किया गया था, जब नरेंद्र मोदी सरकार ने ऐलान किया था कि ये 500 रुपये और 1000 रुपये के नोटों को बंद कर रही है। अब इसे बंद किया जा रहा है। सरकार के इस कदम को नोटबंदी पार्ट-2 कहा जा रहा है।
