SBI Special FD Scheme: देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने एक स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट या टर्म डिपॉजिट स्कीम एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपॉजिट (SGRTD) लॉन्च की है। नई टर्म डिपॉजिट स्कीम का उद्देश्य पर्यावरण फ्रेंडली इनिशिएटिव और प्रोजेक्ट्स के सपोर्ट करने के लिए धन जुटाना है। जिससे भारत में ग्रीन फाइनेंस इकोसिस्टम के विकास को बढ़ावा मिलेगा। सरकारी बैंक एसबीआई ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि यह अनूठी डिपॉजिट स्कीम इंडिविजु्अल, नन इडिविजुअल और एनआरआई ग्राहकों के लिए खुली है।
अभी तीन अवधियों के लिए है SGRTD
ग्रीन रुपी टर्म डिपॉजिट (SGRTD) निवेशकों को तीन अलग-अलग अवधियों में से चुनने की सुविधा दी गई है। 1111 दिन, 1777 दिन और 2222 दिन। वर्तमान में यह स्कीम बैंक ब्रांच नेटवर्क के माध्यम से उपलब्ध है और इसे जल्द ही अन्य डिजिटल चैनलों जैसे YONO और इंटरनेट बैंकिंग के जरिये उपलब्ध कराया जाएगा।
एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपॉजिट (SGRTD) ब्याज दर
एसबीआई की वेबसाइट के मुताबिक खुदरा जमा के लिए SGRTD ब्याज दर 1111 दिनों के लिए 6.65 प्रतिशत है। 1,777 दिनों के लिए 6.65 प्रतिशत और 2,222 दिनों के लिए 6.40 प्रतिशत है। थोक जमा के लिए SGRTD ब्याज दर 1,111 दिनों के लिए 6.15 प्रतिशत है। 1,777 दिनों के लिए 6.15 प्रतिशत और 2,222 दिनों के लिए 5.90 प्रतिशत है।
सीनियर सिटिजन के लिए अतिरिक्त ब्याज दर
सीनियर सिटिजन, कर्मचारी, कर्मचारी सीनियर सिटिजन के लिए लागू दर पर अतिरिक्त ब्याज दर के लिए पात्र हैं। एनआरआई सीनियर सिटिजन और एनआरआई कर्मचारी अतिरिक्त ब्याज दर के लिए पात्र नहीं हैं। भारतीय स्टेट बैंक संपत्ति, जमा, शाखाओं, ग्राहकों और कर्मचारियों के मामले में सबसे बड़ा वाणिज्यिक बैंक है। यह देश का सबसे बड़ा मॉर्टगेज ऋणदाता भी है।
2070 तक देश को कार्बन शून्य बनाना है लक्ष्य
एसबीआई के अध्यक्ष दिनेश खारा ने कहा कि हमें एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपॉजिट स्कीम लॉन्च करते हुए खुशी हो रही है। जो सस्टनेबल फाइनेंस के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का एक सबूत है। इस अभिनव प्रोडक्ट की पेशकश करके हम 2070 तक अपने देश को कार्बन शून्य बनाने के सरकार के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सभी के लिए हरा-भरा और पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार वित्तीय भविष्य बनाना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह अभिनव प्रोडक्ट स्थायी फाइनेंस को बढ़ावा देने और हरित गतिविधियों में योगदान को प्रोत्साहित करने, व्यक्तियों और संस्थाओं को सभी के लिए स्थायी भविष्य के लिए देश के दृष्टिकोण का समर्थन करने के अवसर प्रदान करने की एसबीआई की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
