बिजनेस

Closing Bell : 5 दिन में 2387 अंक उछला Sensex, ₹7 लाख करोड़ बढ़ी निवेशकों की पूंजी

पिछले 5 दिन में शेयर बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 12 अक्टूबर को हफ्ते की शुरुआत से 16 अक्टूबर तक 5 दिन में सेंसेक्स 3% से ज्यादा तेजी के साथ 2387 अंक उछल गया।

Image

शेयर बाजार में तेजी का माहौल

Stock Market Closing Bell Today, 16 October 2026: भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के आखिरी दिन उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारी लौट आई। कारोबार के दौरान दबाव में आने के बाद BSE Sensex और NSE Nifty ने रिकवरी की और हरे निशान में कारोबार खत्म किया। बाजार की तेजी में सबसे बड़ी भूमिका IT शेयरों की रही। Nifty IT में करीब 3.87% की जोरदार बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी का दम सीमित रहा, जिससे संकेत मिलता है कि बाजार में हर तरफ एक जैसी खरीदारी नहीं हुई।

निफ्टी और सेंसेक्स में पिछले 5 दिन में भारी उतार-चढ़ाव आया है। सेंसेक्स इस दौरान जहां 3.30% की तेजी के साथ 2,387.26 अंक ऊपर चढ़ा है। वहीं, निफ्टी में इस दौरान 2.49% यानी 562.80 अंक की तेजी आई है। निफ्टी सेंसेक्स के अलावा निफ्टी आईटी में भी जोरदार खरीदारी हुई। ओवरऑल मार्केट ब्रेड्थ मजबूत होने की वजह से 5 दिन में निवेशकों की पूंजी में करीब 7 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है। सप्ताह के पहले दिन यानी 12 अक्टूबर को जहां लिस्टेड कंपनियों का ऑल इंडिया मार्केट कैप 4,65,91,974.214 करोड़ था, वहीं सप्ताह के आखिरी दिन यह बढ़कर 4,72,66,621.25 करोड़ हो गया है।

हरे निशान में बंद हुआ शेयर बाजार

शुक्रवार को Sensex 413.66 अंक या 0.56% की तेजी के साथ 74,729.27 अंक पर बंद हुआ। वहीं, Nifty में 148.80 अंक या 0.65% की बढ़त दर्ज की गई और यह 23,146.15 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान Sensex ने 74,778.78 का ऊपरी और 74,012.99 का निचला स्तर छुआ। दूसरी तरफ, Nifty 50 ने 23,149.85 का इंट्राडे हाई और 22,913.80 का लो देखा। बाजार में व्यापक स्तर पर भी खरीदारी देखने को मिली। NSE पर 2,131 शेयरों में तेजी आई, जबकि 1,422 शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। BSE पर 2,409 शेयरों में बढ़त और 1,956 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

क्यों बदला बाजार का मूड?

शुक्रवार को बाजार की तेजी का सबसे बड़ा सहारा IT सेक्टर बना। Nifty IT इंडेक्स करीब 3.87% उछल गया। Tech Mahindra के तिमाही नतीजों और IT कंपनियों के कारोबार को लेकर उम्मीदों के बीच सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली। Wipro समेत दूसरी IT कंपनियों के शेयरों में तेजी ने भी बाजार का सेंटीमेंट सुधारने में मदद की। इसके अलावा Media, Auto और Metal शेयरों ने भी सहारा दिया।

IT के अलावा Media, Auto और Metal शेयरों में भी खरीदारी ने बाजार की तेजी को समर्थन दिया। Nifty Media इंडेक्स करीब 2.10%, Nifty Auto 0.70% और Nifty Metal 0.84% चढ़ा। Nifty Cement में 1.60% की तेजी दर्ज की गई, जबकि PSU Bank इंडेक्स भी करीब 0.71% बढ़ा।

हालांकि, बाजार के सभी सेक्टरों में तेजी नहीं रही। Nifty FMCG में करीब 0.58%, Nifty Oil & Gas में 0.49% और Nifty Realty में 0.41% की गिरावट दर्ज की गई। यानी बाजार में तेजी की अगुवाई कुछ चुनिंदा सेक्टरों ने की।

क्रूड में नरमी से मिली थोड़ी राहत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में Brent Crude करीब 105.60 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। पिछले बंद स्तर के मुकाबले इसमें मामूली गिरावट थी। इसके अलावा भारतीय बाजार को रुपये की मजबूती भी सपोर्ट कर रही है। रुपया डॉलर के मुकाबले 10 पैसे की तेजी के 94.96 पर बंद हुआ।

मिडकैप और स्मॉलकैप में रही सुस्ती

बेंचमार्क इंडेक्स में बढ़त के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में व्यापक तेजी नहीं दिखी। Nifty Midcap Select करीब 0.27% और Nifty Midcap 100 लगभग 0.23% गिर गया। Nifty Smallcap 100 भी लगभग सपाट रहा।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article