अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। SBI कार्ड्स ने अपने रिवॉर्ड पॉइंट्स को रिडीम (Redeem) करने की पॉलिसी में बड़े बदलाव किए हैं। नए नियम 1 अप्रैल, 2026 से प्रभावी हो रहे हैं। इन बदलावों के तहत अब आप हर महीने एक निश्चित संख्या में ही पॉइंट्स रिडीम कर पाएंगे और रिडीमशन का तरीका भी बदल गया है। अगर आप समय रहते इन नियमों को नहीं समझते हैं, तो आपको परेशानी हो सकती है। आइए जानते हैं क्या हैं नए नियम।
सबसे बड़ा बदलाव
सबसे बड़ा बदलाव रिवॉर्ड पॉइंट्स को स्टेटमेंट क्रेडिट (Statement Credit) के रूप में रिडीम करने की लिमिट को लेकर है। अब अधिकांश SBI क्रेडिट कार्ड्स के लिए एक महीने में अधिकतम 60,000 रिवॉर्ड पॉइंट्स ही स्टेटमेंट क्रेडिट के लिए रिडीम किए जा सकेंगे। इसका मतलब है कि यदि आपके पास ज्यादा पॉइंट्स हैं, तो आप उन्हें एक ही महीने में कैश नहीं करा पाएंगे। आपको बची हुई पॉइंट्स को अगले महीने रिडीम करना होगा।
इसके अलावा, नए नियमों के अनुसार, स्टेटमेंट क्रेडिट के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स का रिडीमशन अब केवल 4,000 के मल्टीपल (गुणांक) में ही किया जा सकेगा। उदाहरण के लिए, आप 4,000, 8,000, 12,000, 16,000 पॉइंट्स या इसी तरह के स्लॉट्स में ही पॉइंट्स रिडीम कर सकते हैं। यह नियम छोटे या अजीब नंबर्स में पॉइंट्स रिडीम करने की सुविधा को सीमित करता है।
इन कार्ड पर लागू नहीं होगा नियम
हालांकि, यह नियम सभी कार्ड्स पर लागू नहीं होगा। SBI के प्रीमियम कार्ड्स, जैसे कि एयर इंडिया SBI सिग्नेचर कार्ड (Air India SBI Signature Card), फोनपे SBI कार्ड पर्पल (PhonePe SBI Card PURPLE), और फोनपे SBI कार्ड सेलेक्ट ब्लैक (PhonePe SBI Card SELECT BLACK) के लिए यह मंथली कैप और मल्टीपल की शर्त लागू नहीं होगी।
रिवॉर्ड पॉइंट्स के रिडीमशन के अलावा, SBI कार्ड ने प्रमोशनल ऑफर्स के तहत मिलने वाले पॉइंट्स के फॉरफीचर (जब्त) होने के नियमों को भी अपडेट किया है। इसके साथ ही, डोमेस्टिक लाउंज एक्सेस (Domestic Lounge Access) के नियमों में भी बदलाव किया गया है, जिसके तहत लाउंज को दो श्रेणियों (Set A और Set B) में बांटा गया है।
SBI कार्ड के नए नियमों के बाद अपने रिवॉर्ड पॉइंट्स का सही इस्तेमाल करने के लिए आपको अपनी रिडीमशन योजना को बदलना पड़ सकता है। इन नियमों से बचने के लिए, आप समय-समय पर अपने पॉइंट्स रिडीम करते रहें। अधिक जानकारी के लिए, SBI कार्ड की मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट पर अपने कार्ड के नियम व शर्तें जरूर चेक करें।
