Spinny IPO : यूल्ड कार मार्केटप्लेस चलाने वाली स्पिनी ने शेयर बाजार में उतरने की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी ने बाजार नियामक SEBI के गुपचुप यानी कॉन्फिडेंशियल रूट से पास IPO के लिए पेपर जमा कराए हैं। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक मामले से जुड़े लोगों का दावा है कि Spinny IPO के जरिए करीब ₹2,500 करोड़ से ₹3,000 करोड़ तक जुटाने की योजना बना रही है। हालांकि, IPO का अंतिम आकार और इसकी पूरी संरचना रेगुलेटरी प्रॉसेस के दौरान बदल सकती है।
फ्रेश इश्यू और OFS का कॉम्बिनेशन
Spinny का प्रस्तावित IPO फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) का मिश्रण हो सकता है। यानी कंपनी एक तरफ नया शेयर जारी करके पैसा जुटाएगी, वहीं दूसरी तरफ मौजूदा शेयरहोल्डर्स को अपने कुछ शेयर बेचकर कंपनी से बाहर निकलने का मौका मिलेगा। इस इश्यू के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी , सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट इंडिया, मोर्गन स्टैनले इंडिया कंपनी और 360 ONE WAM को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है। कंपनी 2027 में शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी कर रही है। हालांकि, अभी लिस्टिंग की टाइमलाइन तय नहीं हुई है। यह पूरी प्रक्रिया SEBI की मंजूरी पर निर्भर करेगी।
IPO से पहले बदला कंपनी का स्ट्रक्चर
स्पिनी की पैरेंट कंपनी वैल्यू ड्राइव टेक्नोलॉजी ने अगस्त 2026 में प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से पब्लिक लिमिटेड कंपनी में बदलाव किया था। इसे कंपनी की संभावित पब्लिक लिस्टिंग की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। यानी IPO फाइलिंग से पहले Spinny ने अपने कॉरपोरेट स्ट्रक्चर के स्तर पर भी जरूरी कदम उठा लिए हैं।
रेवेन्यू तेजी से बढ़ा, घाटा हुआ कम
Spinny के कारोबार में भी लगातार ग्रोथ देखने को मिली है। रेगुलेटरी फाइलिंग्स के मुताबिक FY25 में कंपनी का ऑपरेशन्स से आने वाला रेवेन्यू 25 फीसदी बढ़कर ₹4,657 करोड़ पहुंच गया, जबकि FY24 में यह ₹3,730 करोड़ था। FY26 में स्पिनी का रेवेन्यू करीब ₹6,000 करोड़ तक पहुंच सकता है।
सचिन तेंदुलकर भी हैं निवेशक
सचिन तेंदुलकर न केवल Spinny के ब्रांड एम्बेसडर हैं। बल्कि, वे कंपनी के स्ट्रैटिजिक इन्वेस्टर्स में भी शामिल हैं। तेंदुलकर के अलावा Tiger Global और Accel कंपनी के प्रमुख निवेशकों में शामिल हैं। Sachin Tendulkar ने 2021 में Spinny में निवेश किया था। इसके बाद वे कंपनी के Brand Ambassador भी बने।
हर महीने 15,000 कारें बेच रही
2015 में नीरज सिंह, मोहित गुप्ता और रामांशु माथुर ने मिलकर Spinny की शुरुआत की थी। नीरज सिंह कंपनी के CEO हैं। Spinny यूज्ड कार मार्केट के फुल स्टैक मॉडल पर काम करती है। यानी कंपनी कार खरीदने-बेचने के साथ फइनेंसिंग, इश्योरेंस और आफ्टर सेल सर्विसेज भी देती है। ट्रूबिल, GoMechanic और ऑटोकार इंडिया जैसी कंपनियों के अधिग्रहण के जरिए उसने अपने ऑटोमोटिव इकोसिस्टम का भी विस्तार किया है।
कंपनी फिलहाल करीब 25 शहरों में काम करती है और हर महीने लगभग 15,000 कारें बेचती है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
