बिजनेस

मुंबई की बारिश पर ₹2,206,700,000 करोड़ का दांव! बदलते मौसम के साथ NCDEX पर पैसा छाप रहे ट्रेडर

मुंबई की बारिश कुछ ट्रेडर्स के लिए मुनाफे की बारिश साबित हो रही है। देश में पहली बार NCDEX पर वेदर डेरिवेटिव की ट्रेडिंग हो रही है और मुंबई की बारिश पर ₹2,206,700,000 करोड़ दांव पर लगे हैं।

Image

बारिश पर दांव लगा रहे ट्रेडर

Mubain Rain Trading NCDEX : मुंबई में बारिश किसी के लिए राहत है तो किसी के लिए मुसीबत। लेकिन अब यही बारिश कमाई का नया जरिया भी बन गई है। देश के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज NCDEX ने भारत का पहला Weather Derivative कॉन्ट्रैक्ट 'RAINMUMBAI' लॉन्च किया है। लॉन्च के पहले ही महीने यानी जून 2026 में इसमें 20,000 लॉट्स की ट्रेडिंग हुई। मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू के हिसाब से इसकी नोटशनल वैल्यू करीब ₹2,206,700,000 करोड़ बैठती है। यानी अब मुंबई के मौसम पर भी करोड़ों रुपये के कॉन्ट्रैक्ट ट्रेड हो रहे हैं।

आखिर क्या है Rain Market?

पहली नजर में यह बारिश पर सट्टा लगाने जैसा लग सकता है, लेकिन असलियत इससे बिल्कुल अलग है। यह एक Weather Derivative है, जिसे कंपनियां और बड़े निवेशक मौसम की अनिश्चितता से होने वाले वित्तीय नुकसान से बचने के लिए इस्तेमाल करते हैं। इसे आसान भाषा में समझें तो यह मौसम से जुड़े जोखिम का एक तरह का फाइनेंशियल इंश्योरेंस है। अगर बारिश सामान्य से कम या ज्यादा होती है और उसका असर किसी कंपनी के कारोबार पर पड़ता है, तो वह इस कॉन्ट्रैक्ट के जरिए अपने नुकसान की भरपाई की रणनीति बना सकती है।

कैसे काम करता है RAINMUMBAI कॉन्ट्रैक्ट?

इस कॉन्ट्रैक्ट में यह दांव नहीं लगता कि आज मुंबई में बारिश होगी या नहीं। इसका आधार भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का आधिकारिक डेटा है। यह कॉन्ट्रैक्ट Long Period Average (LPA) यानी ऐतिहासिक औसत बारिश के मुकाबले इस साल हुई बारिश के अंतर (Deviation) पर आधारित है। यदि किसी महीने सामान्य से कम या ज्यादा बारिश होती है तो उसी के आधार पर कॉन्ट्रैक्ट की कीमत बदलती है। जून 2026 की शुरुआत में जब मुंबई में मानसून की रफ्तार धीमी रही और बारिश सामान्य से कम रही, तब इस कॉन्ट्रैक्ट में अच्छी हलचल देखने को मिली। महीने के आखिर में मानसून के सक्रिय होने के साथ कीमतों में भी बदलाव आया।

पहले ही महीने में बने रिकॉर्ड

NCDEX के मुताबिक, जून 2026 के दौरान इस नए कॉन्ट्रैक्ट में करीब 20,000 लॉट्स की ट्रेडिंग हुई। औसतन रोज करीब 1,000 लॉट्स का कारोबार हुआ, जबकि 15 जून को सबसे ज्यादा 2,039 लॉट्स ट्रेड हुए। एक्सचेंज के लिए यह संकेत है कि भारतीय बाजार धीरे-धीरे मौसम आधारित डेरिवेटिव को स्वीकार कर रहा है।

किन कंपनियों को होगा सबसे ज्यादा फायदा?

इस कॉन्ट्रैक्ट का सबसे बड़ा फायदा उन सेक्टर्स को होगा जिनका कारोबार सीधे मौसम पर निर्भर करता है। कृषि और उर्वरक कंपनियां बारिश कम होने या ज्यादा होने से फसलों और खाद की मांग में आने वाले उतार-चढ़ाव का जोखिम कम कर सकती हैं। पावर और एनर्जी कंपनियां मानसून और तापमान के हिसाब से बिजली की मांग बदलने के जोखिम को हेज कर सकती हैं। FMCG आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, लॉजिस्टिक्स और रिटेल कंपनियां भी भारी बारिश या कमजोर मानसून से बिक्री और सप्लाई पर पड़ने वाले असर से बचाव के लिए इस कॉन्ट्रैक्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं।

क्या आम निवेशक भी इसमें ट्रेड कर सकते हैं?

तकनीकी रूप से योग्य निवेशक इसमें ट्रेड कर सकते हैं, लेकिन यह उत्पाद मुख्य रूप से कंपनियों, संस्थागत निवेशकों और प्रोफेशनल ट्रेडर्स के लिए डिजाइन किया गया है। मौसम के आंकड़ों, डेरिवेटिव प्राइसिंग और रिस्क मैनेजमेंट की अच्छी समझ के बिना इसमें ट्रेडिंग करना जोखिम भरा हो सकता है।

विवरणजानकारी
एक्सचेंजNCDEX
प्रोडक्टRAINMUMBAI Weather Derivative
डेटा स्रोतभारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD)
ट्रेडिंग अवधिजून, जुलाई, अगस्त और सितंबर
जून 2026 ट्रेडिंगलगभग 20,000 लॉट्स
नोटशनल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू₹220 करोड़ से ज्यादा (अनुमानित)
औसत दैनिक वॉल्यूमलगभग 1,000 लॉट्स
सबसे व्यस्त दिन15 जून (2,039 लॉट्स)
सेटलमेंटपूरी तरह कैश सेटल्ड

क्या यह सट्टा है?

कई लोगों के मन में सवाल आता है कि क्या यह बारिश पर सट्टा है। लेकिन, ऐसा बिलकुल नहीं है। दुनिया के कई देशों में मौसम आधारित डेरिवेटिव वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे हैं। एयरलाइंस, बिजली कंपनियां, कृषि व्यवसाय और बड़े उद्योग मौसम से जुड़े जोखिम को कम करने के लिए ऐसे कॉन्ट्रैक्ट का उपयोग करते हैं। भारत में भी इसकी शुरुआत इसी उद्देश्य से की गई है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article