RK Damani के नाम से मशहूर राधाकिशन दमानी ने एक बार फिर अपने स्टॉक पिक से बाजार का ध्यान खींच रहे हैं। ताजा कॉरपोरेट शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, दमानी ने Q4 FY26 में दो कंपनियों में नई हिस्सेदारी खरीदी है। इनमें एक नाम Mangalam Organics का है और दूसरा TSF Investments का। दिलचस्प बात यह है कि दोनों कंपनियां अलग-अलग कारोबार से जुड़ी हैं, लेकिन दमानी की एंट्री ने इन पर लंबी अवधि के भरोसे का संकेत दिया है।
दमानी की चाल से स्टॉक्स में हलचल
ताजा फाइलिंग के अनुसार, Radhakishan Damani सार्वजनिक रूप से 11 स्टॉक्स होल्ड करते हैं, जिनकी कुल नेटवर्थ 1,95,197.7 करोड़ रुपये बताई गई है। उपलब्ध डेटा के मुताबिक यह वैल्यू 2 लाख करोड़ रुपये के आसपास भी बताई गई है, जो उनके बड़े और चयनात्मक निवेश दृष्टिकोण को दिखाती है। इसी कड़ी में Q4 FY26 के दौरान उन्होंने Mangalam Organics में 2.2 प्रतिशत और TSF Investments में 1.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी।
Mangalam Organics पर बड़ा दांव
Mangalam Organics का मार्केट कैप करीब 453.49 करोड़ रुपये है। शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, प्रमोटर हिस्सेदारी 58.64 प्रतिशत पर स्थिर रही, जबकि DII होल्डिंग 1.42 प्रतिशत से बढ़कर 3.63 प्रतिशत हो गई। दमानी ने 1,86,187 इक्विटी शेयर खरीदकर करीब 8.7 करोड़ रुपये का निवेश किया। कंपनी पाइन केमिकल्स, कपूर और सिंथेटिक रेजिन के निर्माण में काम करती है और इसकी पहचान एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग प्ले के रूप में है। 4 मई को शेयर ने जबरदस्त तेजी दिखाते हुए एक ही दिन में 16 फीसदी की छलांग लगाई और 73.05 रुपये उछलकर 529.50 रुपये पर पर पहुंच गया है।
TSF Investments में 174.9 करोड़ की एंट्री
TSF Investments Ltd के शेयर में भी 4 मई को मजबूती देखने को मिली और स्टॉक 3.11 फीसदी यानी 12.55 रुपये चढ़कर 415.50 रुपये पर बंद हुआ। दिन की शुरुआत 407 रुपये पर हुई और इसी स्तर को लो भी रहा, जबकि कारोबार के दौरान यह 421 रुपये के हाई तक पहुंचा। करीब 8.95 हजार करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी में हालिया तेजी निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी और वैल्यू बाइंग का संकेत मानी जा रही है, खासकर तब जब स्टॉक अपने 52 हफ्ते के हाई 697 रुपये से अभी भी काफी नीचे ट्रेड कर रहा है।
सालभर में स्टॉक 38 प्रतिशत फिसला है, लेकिन दमानी की एंट्री ने इसमें नई चर्चा छेड़ दी है। Q4 FY26 में प्रमोटर होल्डिंग 54.97 प्रतिशत पर स्थिर रही, जबकि FII हिस्सेदारी 1.01 प्रतिशत से बढ़कर 3.20 प्रतिशत हो गई। दमानी ने 41,70,434 शेयर खरीदकर करीब 174.9 करोड़ रुपये का निवेश किया। यह कंपनी ऑटोमोटिव और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े रणनीतिक निवेशों के लिए जानी जाती है और Brakes India, Wheels India तथा Turbo Energy जैसी ग्रुप कंपनियों में हिस्सेदारी रखती है।
क्यों खास है यह पोर्टफोलियो मूव
दमानी की रणनीति आमतौर पर शोर वाले शेयरों से ज्यादा मजबूत बिजनेस, वैल्यू और लंबी अवधि की कमाई पर केंद्रित मानी जाती है। Mangalam Organics जैसी छोटी लेकिन स्पेशलिटी कंपनी और TSF Investments जैसी निवेश-आधारित कंपनी में उनकी एंट्री यह संकेत देती है कि वे फिलहाल ऐसे कारोबारों पर दांव लगा रहे हैं जिनमें आगे वैल्यू अनलॉक होने की संभावना है।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
