EPFO ने बढ़ाई PF फाइल करने की तारीख
PF Return File Date: कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) से जुड़ी कंपनियों के लिए राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने रिटर्न फाइल करने की तारीख बढ़ा दी है। अब नियोक्ता 22 अक्टूबर 2025 तक सितंबर महीने का PF रिटर्न भर सकते हैं।
दरअसल, EPFO ने हाल ही में PF रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब नया Electronic Challan-cum-Return (ECR) सिस्टम लागू किया गया है, जो सितंबर 2025 के वेतन माह से शुरू हुआ है। इस नए सिस्टम का मकसद रिटर्न भरने की प्रक्रिया को आसान बनाना और डेटा को ज्यादा सही रखना है।
लेकिन कई कंपनियों और संस्थानों ने बताया कि उन्हें नई प्रक्रिया समझने और अपनाने में दिक्कत हो रही है। इस वजह से EPFO ने सभी को थोड़ा और समय देने का फैसला किया है, ताकि कोई भी कंपनी समय पर रिटर्न फाइल करने से न चूके।
EPFO ने इस बदलाव के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए देशभर में बैठकें और कार्यशालाएं भी की हैं। दिल्ली में संगठन ने FICCI, PHDCCI और Employer Federation of India (EFI) जैसे उद्योग संगठनों से चर्चा की। इन बैठकों में नए सिस्टम की खासियतों और इसके फायदों पर बात हुई — जैसे डेटा की सटीकता बढ़ेगी, गलती की गुंजाइश कम होगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी।
इसके अलावा, EPFO के जोनल और रीजनल ऑफिस भी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ छोटे-छोटे सेशन कर रहे हैं, ताकि उन्हें नए सिस्टम में काम करना सिखाया जा सके। EPFO का कहना है कि उसका मकसद नियोक्ताओं को बेहतर डिजिटल सुविधा देना है, ताकि PF रिटर्न भरने की प्रक्रिया पूरी तरह आसान, पारदर्शी और भरोसेमंद बन सके।