बिजनेस

वर्ल्ड क्लास बनेंगे देश के ये 3 रेलवे स्टेशन, ऐसा होगा नया लुक

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 29, 2022, 02:45 PM IST

Redevelopment of Railway Stations: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि 199 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए 60 हजार करोड़ रुपये की जरूरत होगी। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन मोडेरा सूर्य मंदिर से प्रेरित होगा।

Image

वर्ल्ड क्लास बनेंगे देश के ये 3 रेलवे स्टेशन, शानदार होगा नया लुक

Photo : Twitter

नई दिल्ली। देश के तीन बड़े रेलवे स्टेशनों का जल्द ही कायापलट होने वाला है। इनकी लुक एकदम वर्ल्ड क्लास जैसे होगी और इसके लिए केंद्रीय सरकार हजारों करोड़ों रुपये खर्च करेगी। जी हां, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नई दिल्ली, अहमदाबाद और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस-मुंबई रेल स्टेशनों के पुनर्विकास के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 10,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन स्टेशनों का ना सिर्फ लुक बदलेगा, बल्कि यात्रियों को भी पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसकी जानकारी खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी।

बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेल के साथ प्रधानमंत्री का भावनात्मक जुड़ाव है और सरकार ने सुरक्षा, यात्री सुविधा, तकनीक सहित रेलवे के हर आयाम पर ध्यान दिया है। उन्होंने बताया कि इसी दिशा में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास (Redevelopment of Railway Stations) को लेकर मंत्रिमंडल ने एक बड़ा निर्णय लिया है।

यात्रियों पर नहीं पड़ेगा कोई अतिरिक्त बोझ

उन्होंने कहा कि स्टेशनों का पुनर्विकास इंजीनियरिंग-खरीद-निर्माण (EPC) मॉडल के तहत होगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्रियों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़े। वैष्णव ने कहा, 'रेलवे का सबसे अधिक उपयोग मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग के लोग करते हैं और इसलिए यात्रियों पर किसी तरह का अतिरिक्त भार ठीक नहीं है । इसलिये रेलवे में बजट के धन का निवेश करने का निर्णय किया गया। सोच समझकर इन स्टेशनों के पुनर्विकास के लिये ईपीसी मॉडल अपनाने का फैसला किया गया।'

पैदा होंगे रोजगार के अवसर

सरकारी बयान के अनुसार, इन स्टेशनों के विकास से 35,744 नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, दैनिक यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा तथा निवेश एवं अतिरिक्त कारोबारी अवसर के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी । रेल मंत्री ने बताया कि देश में 199 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के प्रस्ताव पर काम चल रहा है। इनमें से 47 स्टेशनों के काम के लिये निविदा जारी की गई है और 32 पर काम चालू भी हुआ है।

स्टेशनों पर बनेगा 'रूफ प्लाजा'

वैष्णव ने बताया कि इसके तहत इन स्टेशनों पर 'रूफ प्लाजा' बनाया जाएगा, जहां फूड कोर्ट, छोटे बच्चों के खेलने के लिए छोटी सी जगह, स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिये एक स्थान आदि होगा । यहां सफाई पर खास ध्यान दिया जायेगा तथा दिव्यांगों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली, अहमदाबाद और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस-मुंबई स्टेशनों के पुनर्विकास के लिये निविद अगले 10 दिनों में जारी की जाएगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन ट्रेन सेवाओं को बसों, आटो और मेट्रो रेल सेवाओं के साथ जोड़ेगा। हर एक स्टेशन में एक ही स्थान पर सभी यात्री सुविधाओं के साथ कैफेटेरिया, मनोरंजन सुविधाओं के लिए एक विशाल रूफ प्लाजा होगा। शहर के भीतर स्थित स्टेशनों में सिटी सेंटर जैसी जगह होगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article