रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने मौद्रिक नीति समीक्षा के दौरान माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) सेक्टर को बड़ी राहत दी है। RBI गवर्नर ने घोषणा की कि अब MSME इकाइयों के लिए बिना किसी कोलैटरल यानी गारंटी के मिलने वाले लोन की सीमा ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख की जाएगी। इस फैसले का मकसद छोटे कारोबारों को आसान और सस्ती बैंकिंग क्रेडिट उपलब्ध कराना है।
MSME के लिए क्यों अहम है फैसला?
भारत में MSME सेक्टर रोजगार और उत्पादन का बड़ा आधार है, लेकिन इस सेक्टर की सबसे बड़ी समस्या बैंक कर्ज तक पहुंच की रही है। छोटे कारोबारी अक्सर पर्याप्त गारंटी या संपत्ति नहीं दे पाते, जिससे उन्हें औपचारिक बैंकिंग सिस्टम से लोन मिलने में मुश्किल आती है। अब बिना गारंटी कर्ज की सीमा बढ़ने से लाखों छोटे कारोबारियों को राहत मिलेगी और वे कारोबार विस्तार, नई मशीनरी, वर्किंग कैपिटल और रोजगार बढ़ाने के लिए आसानी से फंड जुटा सकेंगे।
कारोबार बढ़ाना होगा आसान
रिजर्व बैंक की तरफ से बिना गारंटी के लोन की सीमा को बढ़ाने का असर छोटे उद्योंगे के विस्तार पर देखने को मिलेगा। इससे MSME को अपना कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा छोटे उद्योगों का बैंकिंग सिस्टम पर भरोसा बढ़ेगा और अनौपचारिक व महंगे कर्ज के विकल्पों पर निर्भरता कम होगी।
क्या फायदे मिलेंगे?
बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए भी MSME सेक्टर एक बड़ा क्रेडिट बाजार बन सकता है। सरकार और RBI लगातार कोशिश कर रहे हैं कि बैंकिंग सिस्टम ज्यादा से ज्यादा छोटे कारोबारों तक पहुंचे और अर्थव्यवस्था की ग्रोथ को मजबूत किया जा सके।
- MSME की औपचारिक क्रेडिट तक पहुंच बढ़ेगी
- कारोबार विस्तार की गति तेज होगी
- रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा
- वित्तीय समावेशन मजबूत होगा
- छोटे उद्योगों की प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ेगी
- बैंकों के लिए भी अवसर
व्यापक रणनीति का हिस्सा
RBI का यह फैसला MSME इकोसिस्टम को मजबूत करने की बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। केंद्रीय बैंक का मानना है कि छोटे और मध्यम उद्योग देश की आर्थिक वृद्धि और रोजगार के प्रमुख इंजन हैं, इसलिए इनके लिए फंडिंग को आसान बनाना जरूरी है। RBI गवर्नर के आधिकारिक बयान में कहा गया कि MSME के लिए कॉलेटरल फ्री लोन की सीमा ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे छोटे कारोबारों को बड़ी राहत मिलेगी।
अर्थव्यवस्था को मिलेगा सपोर्ट
आने वाले दिनों में इस फैसले का असर बैंक लोन ग्रोथ, औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार सृजन में भी दिख सकता है। MSME सेक्टर की मजबूती का सीधा असर देश की आर्थिक रफ्तार पर पड़ता है, इसलिए RBI का यह कदम ग्रोथ को सपोर्ट देने वाला माना जा रहा है। कुल मिलाकर, मौद्रिक नीति के इस एलान ने छोटे कारोबारियों को बड़ा भरोसा दिया है और आने वाले समय में MSME सेक्टर में नई निवेश और विस्तार गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
