बिजनेस

रेलवे यूनियनों का ऐलान, लागू करो ओल्ड पेंशन स्कीम नहीं तो 1 मई को होगा ट्रेनों का चक्काजाम

देश भर में मौजूद रेलवे कर्मचारियों की अनेक यूनियनों ने धमकी दी है कि अगर ओल्ड पेंशन सिस्टम लागू नहीं किया जाता है तो 1 मई से देश भर में ट्रेन सेवाओं को रोक दिया जाएगा। रेलवे यूनियनों का कहना है कि सरकार उनकी मांग को लेकर बिलकुल गंभीर नजर आ रही और उनके पास अब कोई और विकल्प शेष नहीं है।

Image

रेलवे यूनियनों ने दी धमकी, मांग पूरी करो वरना ट्रेनों का कर देंगे चक्काजाम

Photo : ANI

Railway Unions Threaten To Strike: एक तरफ जहां केंद्र सरकार अभी किसानों की मांगों और आंदोलन का सामना कर रही है, वहीं रेलवे कर्मचारी भी अब सरकार के सामने एक नई परेशानी खड़ी करने की योजना बना रहे हैं। पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने के लिए बने रेलवे कर्मचारियों और मजदूरों के साझा संगठन JFROPS (जॉइंट फोरम फॉर रिस्टोरेशन ऑफ ओल्ड पेंशन स्कीम) ने ऐलान किया है कि अगर पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने की उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता है तो 1 मई से देश भर में ट्रेन सेवाएं ठप कर दी जाएंगी।

भेजेंगे नोटिस

JFROPS के संयोजक शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि साझा संगठन के बैनर तले मौजूद विभिन्न रेल यूनियनों के प्रतिनिधियों ने मिलकर फैसला किया है कि 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के दिन प्रस्तावित ट्रेनों का चक्काजाम और हड़ताल करने के लिए 19 मार्च को रेल मंत्रालय को आधिकारिक तौर पर नोटिस भेजेंगे।

यह भी पढ़ें:

नहीं सुन रही सरकार

मिश्रा ने आगे कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने की हमारी मांग को लेकर सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही है। ऐसे में अपनी मांग मनवाने के लिए हमारे पास कोई और विकल्प नहीं बचा है। JFROPS की मांग है कि नई पेंशन व्यवस्था के स्थान पर ओल्ड पेंशन स्कीम को वापस लागू किया जाए।

क्यों हो रही है मांग?पिछले कुछ समय के दौरान विभिन्न राज्य सरकारों ने पुरानी पेंशन स्कीम को फिर से लागू कर दिया है। साथ ही इस साल लोकसभा चुनाव भी होने हैं और मार्च में आचार संहिता के लागू होने की संभावना है, इन सभी कारणों को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि सरकार के लिए इन मांगों को नजरअंदाज करना बिल्कुल आसान नहीं होगा।

(PTI इनपुट के साथ)

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article