बिजनेस

PNB में 5 साल की FD पर मिल रहा तगड़ा ब्याज, 3 लाख की जमा का समझें पूरा हिसाब

PNB FD Scheme: सरकारी बैंक पीएनबी की ओर से एफडी पर आकर्षक ब्याज दरें ऑफर की जा रही हैं। आप बैंक में 5 साल की एफडी में पैसा लगा सकते हैं।

Image

PNB एफडी पर दे रहा तगड़ा ब्याज (Photo: iStock)

PNB FD Scheme: अगर आप अपना पैसा सुरक्षित रखते हुए लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं तो बैंक एफडी एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें पहले से ब्याज दर तय होती है और निवेश की अवधि पूरी होने पर ग्राहक को मूलधन के साथ ब्याज मिलता है। सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की 5 साल की एफडी भी ऐसे निवेशकों के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है, जो निश्चित रिटर्न चाहते हैं। बैंक की ओर से अलग-अलग ग्राहक श्रेणियों के लिए 5 साल की एफडी पर 7.15 प्रतिशत तक सालाना ब्याज दिया जा रहा है।

किसे कितना ब्याज मिलेगा?

5 साल की एफडी पर सामान्य नागरिकों के लिए ब्याज दर 6.35 प्रतिशत रखी गई है। वहीं, सीनियर सिटीजन को 6.85 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.15 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। इस तरह एक ही रकम को 5 साल के लिए एफडी में जमा करने पर ग्राहक की श्रेणी के अनुसार मैच्योरिटी रकम अलग-अलग हो सकती है।

3 लाख की FD पर कितना मिलेगा रिटर्न?

  • अगर कोई सामान्य ग्राहक PNB में 5 साल के लिए 3 लाख रुपये की एफडी करवाता है मैच्योरिटी पर उसे लगभग 4,11,080 रुपये मिलेंगे।
  • वहीं, सीनियर सिटीजन के लिए 3 लाख रुपये की एफडी पर मैच्योरिटी रकम 4,21,316 रुपये होगी।
  • इसी तरह, सुपर सीनियर सिटीजन को 7.15 प्रतिशत की ब्याज दर के आधार पर 5 साल बाद 4,27,573 रुपये मिलेंगे।
ग्राहक की श्रेणी5 साल की FDमैच्योरिटी राशि
सामान्य नागरिक₹3 लाख₹4,11,080
सीनियर सिटीजन₹3 लाख₹4,21,316
सुपर सीनियर सिटीजन₹3 लाख₹4,27,573

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

हालांकि, एफडी में पैसा लगाने से पहले सिर्फ ब्याज दर देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। निवेश की अवधि, समय से पहले निकासी के नियम, ब्याज भुगतान का विकल्प और एफडी पर लागू टैक्स नियम भी समझना जरूरी है। साथ ही, ब्याज दरें समय के साथ बदल सकती हैं, इसलिए निवेश करने के समय वर्तमान ब्याज दर के लिए बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट को चेक करना जरूरी होगा।

5 साल की एफडी में क्यों लगाएं पैसा

5 साल की एफडी उन निवेशकों के लिए बेहतर हो सकती है, जो अपने पैसे को सुरक्षित विकल्प में एक तय अवधि के लिए रखना चाहते हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं। यह उन लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकती है जिन्हें भविष्य में किसी तय समय पर एकमुश्त रकम की जरूरत है। अगर आपके पास ऐसी रकम है, जिसका फिलहाल शॉर्टटर्म में कोई इस्तेमाल नजर नहीं आ रहा तो लंबी अवधि के इस सुरक्षित निवेश के बारे में विचार बनाया जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article