PhysicsWallah IPO: एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) की आज शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग हुई। फिजिक्सवाला के शेयर एनएसई पर ₹145.00 प्रति शेयर पर सूचीबद्ध हुए, जो ₹109 प्रति शेयर के निर्गम मूल्य से 33.03% अधिक है। बीएसई पर, फिजिक्सवाला वाला के शेयर ₹143.10 प्रति शेयर पर सूचीबद्ध हुए, जो निर्गम मूल्य से 31% अधिक है। हालांकि, अब शेयर में मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। बीएसई पर शेयर 1.50% टूटकर 140.95 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
आईपीओ से हासिल राशि का इस्तेमाल कंपनी के विस्तार और विकास पहलों को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा। फिजिक्सवाला...जेईई, एनईईटी, गेट और यूपीएससी पर केंद्रित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षा तैयारी पाठ्यक्रम प्रदान करता है। साथ ही इसके ‘अपस्किलिंग’ कार्यक्रम भी मौजूद हैं जो ऑनलाइन मंचों (यूट्यूब, वेबसाइट और ऐप), प्रौद्योगिकी-सक्षम ऑफलाइन केंद्रों तथा ‘हाइब्रिड’ केंद्रों के माध्यम से मुहैया कराए जाते हैं।
फिजिक्सवाला IPO 13 नवंबर को बंद हुआ था
एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला ने 11 नवंबर को आईपीओ लॉन्च किया था, जो 13 नवंबर को बंद हुआ था। फिजिक्सवाला का आईपीओ आज, 18 नवंबर 2025 को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ है। फिजिक्सवाला का आईपीओ कुल 1.81 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी ने बुक-बिल्ड इश्यू से ₹3,480.71 करोड़ जुटाए, जिसमें ₹3,100.71 करोड़ मूल्य के 28.45 करोड़ इक्विटी शेयरों का ताज़ा इश्यू और ₹380 करोड़ मूल्य के 3.49 करोड़ शेयरों का ऑफर-फ़ॉर-सेल (ओएफएस) शामिल था। फिजिक्सवाला आईपीओ का मूल्य बैंड ₹103 से ₹109 प्रति शेयर था।
YouTube चैनल से शुरू हुआ था सफर
फिजिक्सवाला (PW) की शुरुआत 2014 में हुई जब इसके संस्थापक अलख पांडे ने JEE, NEET और स्कूल बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए YouTube पर मुफ़्त फ़िज़िक्स के पाठ अपलोड करना शुरू किया। एक मामूली शैक्षिक चैनल के रूप में शुरू हुए इस चैनल ने धीरे-धीरे एक मजबूत लोकप्रियता हासिल की, खासकर उन छात्रों के बीच जो किफ़ायती शैक्षणिक सहायता चाहते थे। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि यह शेयर लंबी अवधि का लक्ष्य लेकर निवेश करने वालों के लिए उपयुक्त है, जो दो साल तक निवेश करना चाहते हैं।
(Disclaimer: यह स्टोरी केवल सूचना के उद्देश्य के लिए है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं लें। कोई भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
