बिजनेस

हेल्थ कवर के साथ लॉन्च होगी नई पेंशन स्कीम, PFRDA चेयरमैन ने किया ये खुलासा

New Health Pension Scheme: पेंशन फंड रेगुलेटर PFRDA के चेयरमैन एस. रमन ने कहा कि तीन पेंशन कोष (Pension Fund) स्वास्थ्य कवर वाली नई पेंशन योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। ये योजनाएं स्वास्थ्य बीमा कंपनियों के साथ मिलकर या सीधे अस्पताल और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के साथ साझेदारी में पेश की जा सकती हैं। इसका उद्देश्य निवेशकों को स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ बचत का मौका देना है।

New Health Pension Scheme

पेंशन फंड निवेशकों के लिए नई ‘स्वास्थ्य’ पेंशन योजना पर काम (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

New Health Pension Scheme : पेंशन फंड रेगुलेटर और विकास प्राधिकरण (PFRDA) के चेयरमैन एस. रमन ने शुक्रवार को कहा कि तीन प्रमुख पेंशन कोष (Pension Fund) स्वास्थ्य कवर देने वाली नई पेंशन योजनाएं लाने की तैयारी में हैं। इन योजनाओं के जरिए निवेशकों को स्वास्थ्य बीमा सुविधा मिलेगी और लोग अपनी चिकित्सा जरूरतों के लिए अलग से बचत कर सकेंगे। रमन ने बताया कि ये नई पेंशन योजनाएं स्वास्थ्य बीमा कंपनियों के साथ साझेदारी में या सीधे अस्पताल और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के सहयोग से पेश की जा सकती हैं। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि अपने स्वास्थ्य और चिकित्सा खर्चों के लिए पहले से बचत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि लोग खुद को सुरक्षित रखने की अहमियत समझें। मेडिकल पेंशन योजना में जो राशि जमा होगी, वह केवल चिकित्सा खर्चों के लिए इस्तेमाल होगी।

स्वास्थ्य मंच और निवेशकों को फायदा

PFRDA ने जनवरी में 'स्वास्थ्य' मंच की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत, निवेशक अपनी पेंशन राशि का अधिकतम 30 प्रतिशत हिस्सा सीधे चिकित्सा खर्चों के लिए अलग रख सकते हैं। रमन ने बताया कि राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के तहत बड़ी संख्या में निवेशकों का एकसाथ आना पेंशन फंड को बेहतर सौदे करने में मदद करता है। इससे स्वास्थ्य बीमा कंपनियों से कम प्रीमियम पर टॉप-अप कवर और अस्पतालों से उपचार पर रियायत मिल सकती है। रमन ने यह भी बताया कि इस योजना के तहत अस्पतालों को मरीज के इलाज के तुरंत बाद ही भुगतान मिलेगा। यह व्यवस्था केंद्र सरकार की मौजूदा स्वास्थ्य योजनाओं से बेहतर है, जहां भुगतान में कई महीने लग जाते हैं। इस पहल से निवेशकों को अपने स्वास्थ्य खर्चों के लिए फौरन मदद मिल सकेगी।

प्रमुख पेंशन फंड का प्रयास

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक रमन ने कहा कि आईसीआईसीआई, एक्सिस और टाटा द्वारा प्रायोजित पेंशन कोष इस तरह की स्वास्थ्य कवरेज योजनाओं को लेकर ‘प्रयोग’ कर रहे हैं। उम्मीद है कि आईसीआईसीआई जल्द ही अपना स्वास्थ्य पेंशन उत्पाद लॉन्च कर देगा। उन्होंने यह भी बताया कि पेंशन कोष के प्रतिफल को लंबे समय तक दहाई अंकों में बनाए रखने के उपायों पर काम चल रहा है। इसके लिए परियोजना वित्त, रियल एस्टेट, वैकल्पिक निवेश फंड (एआईएफ) के साथ-साथ सोना और चांदी ईटीएफ में सीमित निवेश की योजना बनाई जा रही है।

निवेशक आधार बढ़ाने के प्रयास

रमन ने एनपीएस की वर्तमान कम कवरेज (करीब एक करोड़ रुपये) को स्वीकार किया और कहा कि निवेशक आधार बढ़ाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) से बातचीत जारी है। डिजिटल माध्यम से लोगों को जोड़ने से पेंशन योजनाओं की पहुंच अधिक बढ़ सकेगी। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि कम-से-कम चार बैंकों या बैंकों के समूह ने पेंशन कोष कारोबार में उतरने की इच्छा जताई है। इनमें एक्सिस बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक और स्टार डायची का समूह शामिल है। यह कदम पेंशन बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और निवेशकों के लिए और विकल्प उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

भविष्य की योजनाएं

PFRDA का लक्ष्य न केवल निवेशकों को स्वास्थ्य सुरक्षा देना है, बल्कि उनके लिए दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए पेंशन कोष विविध निवेश विकल्पों पर ध्यान दे रहे हैं। इससे निवेशकों को स्थिर और सुरक्षित रिटर्न मिलेगा, साथ ही उनके स्वास्थ्य खर्चों के लिए तत्काल सहायता भी सुनिश्चित होगी। इस नई पहल के आने से पेंशन निवेशक न सिर्फ रिटायरमेंट के लिए बचत कर सकेंगे, बल्कि अपने स्वास्थ्य खर्चों के लिए भी आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर पाएंगे। इस तरह, स्वास्थ्य और पेंशन दोनों का लाभ एक साथ मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article