बिजनेस

PF में पैसा आपका, ब्याज हर महीने बनता है तो फिर साल के आखिर में ही क्यों होता है क्रेडिट?

8.25% सालाना ब्याज दर के साथ, EPF सैलरी पाने वाले कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट के समय बचत के सबसे आकर्षक लॉन्ग-टर्म विकल्पों में से एक बना हुआ है।

Image

पीएफ में ब्याज कब मिलता है?

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ खातों पर 8.25% ब्याज तय किया है। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया के अनुसार, ब्याज की राशि 15 जुलाई 2026 तक लगभग 34 करोड़ ईपीएफ खातों में जमा कर दी जाएगी। अब सवाल उठता है कि जब पीएफ पर ब्याज हर महीने बनता है तो ब्याज की राशि खाते में फाइनेंशियल ईयर खत्म होने के बाद ही क्यों क्रेडिट किया जाता है? अगर आप भी पीएफ अकाउंट होल्डर हैं और इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो चलिए बताते हैं कि ईपीएफओ ऐसा क्यों करता है?

जानकारों का कहना हे कि EPFO हर महीने ब्याज का हिसाब लगाता है, लेकिन वह इसे हर महीने क्रेडिट नहीं करता है। इसके बजाय, पूरे फाइनेंशियल ईयर के दौरान सब्सक्राइबर के EPF अकाउंट में मौजूद मंथली रनिंग बैलेंस पर ब्याज की गणना की जाती है और इसे तभी क्रेडिट किया जाता है जब सालाना ब्याज दर की आधिकारिक घोषणा हो जाती है और अकाउंट्स अपडेट हो जाते हैं। यही वजह है कि आपकी EPF पासबुक में कई महीनों तक कोई ब्याज नहीं दिख सकता है, भले ही आपकी रिटायरमेंट सेविंग्स बढ़ती रहती हैं।

मासिक बैलेंस पर की जाती है ब्याज की गणना

EPF स्कीम के तहत, सदस्य के प्रोविडेंट फंड अकाउंट में मौजूद बैलेंस पर हर महीने ब्याज की गणना की जाती है। चूंकि कर्मचारी और नियोक्ता (employer) का नया योगदान हर महीने जमा किया जाता है, इसलिए बैलेंस बदलता रहता है, और जिस राशि पर ब्याज की गणना की जाती है, वह भी बदलती रहती है।

लेकिन एक आम आम गलतफहमी यह है कि सब्सक्राइबर्स को हर महीने बस 8.25% को 12 से भाग देने पर मिलने वाली राशि ब्याज के तौर पर मिलती है। असल में, कोई निश्चित मासिक भुगतान नहीं होता है। हर महीने का ब्याज उस महीने अकाउंट में मौजूद बैलेंस पर निर्भर करता है, जिसमें जमा किए गए नए योगदान भी शामिल होते हैं। वित्तीय वर्ष के अंत में, EPFO हर महीने के लिए गणना किए गए ब्याज को जोड़ता है और कुल राशि को एक बार में सब्सक्राइबर के अकाउंट में जमा (credit) कर देता है। सालाना क्रेडिट आमतौर पर सरकार द्वारा उस वित्तीय वर्ष के लिए EPF ब्याज दर की घोषणा के बाद होता है।

कर्मचारियों के लिए यह क्यों महत्वपूर्ण?

सालाना क्रेडिट सिस्टम का मतलब यह नहीं है कि आपका पैसा साल भर बेकार पड़ा रहता है। हर पात्र योगदान पर EPF अकाउंट में जमा होते ही ब्याज मिलना शुरू हो जाता है, जिससे कंपाउंडिंग के जरिए रिटायरमेंट फंड लगातार बढ़ता रहता है। सब्सक्राइबर के लिए एक काम की बात यह है कि वे समय-समय पर अपनी EPF पासबुक चेक करते रहें और पक्का करें कि एम्प्लॉयर का कॉन्ट्रिब्यूशन समय पर जमा हो रहा है। देर से जमा होने पर उस समय-सीमा में कमी आ सकती है जिस पर कॉन्ट्रिब्यूशन पर ब्याज मिलता है, जिससे कुल जमा राशि (कॉर्पस) पर असर पड़ सकता है।

अगर पासबुक में साल का ब्याज तुरंत नहीं दिखता है, तो कर्मचारियों को घबराना नहीं चाहिए। जब तक EPFO सालाना ब्याज क्रेडिट करने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेता, तब तक जमा हुआ ब्याज दिखाई नहीं दे सकता, भले ही उसकी गणना अंदरूनी तौर पर कर ली गई हो।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article