अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो निवेश से पहले अलग-अलग अवधि पर मिलने वाली ब्याज दरों की तुलना करना बेहद जरूरी है। कई बार ऐसा होता है कि लंबी अवधि की FD पर ब्याज दर कम हो जाती है, जबकि कुल निवेश अवधि अधिक होने की वजह से मैच्योरिटी राशि ज्यादा मिलती है। देश के सबसे बड़े प्राइवेट सेक्टर बैंक HDFC Bank की ही बात करें तो बैंक की मौजूदा FD ब्याज दरें भी कुछ ऐसा ही संकेत देती हैं।
किस अवधि पर मिलेगा सबसे ज्यादा ब्याज

एचडीएफसी बैंक लेटेस्ट एफडी रेट्स (Photo: iStock)
बैंक फिलहाल 3 साल से अधिक और 4 साल 7 महीने से कम की अवधि वाली FD पर सबसे अधिक ब्याज दे रहा है। इस अवधि के लिए सामान्य ग्राहकों को 6.50% और सीनियर सिटिजन को 7.00% सालाना ब्याज मिलता है। वहीं, अगर ग्राहक इससे अधिक अवधि जैसे 5 साल की FD में निवेश करता है तो ब्याज दर घटकर सामान्य ग्राहकों के लिए 6.40% और सीनियर सिटिजन के लिए 6.90% रह जाती है।
4 साल की FD पर कितना मिलेगा?
मान लीजिए आप HDFC Bank में 3 लाख रुपये की FD 4 साल के लिए करवाते हैं। अगर आप सामान्य नागरिक हैं तो मैच्योरिटी पर आपको लगभग 3,88,267 रुपये मिलेंगे। यानी इस अवधि में करीब 88,267 रुपये का ब्याज मिलेगा। वहीं, अगर आप सीनियर सिटिजन हैं, तो 7.00% ब्याज दर के हिसाब से मैच्योरिटी पर लगभग 3,95,979 रुपये प्राप्त होंगे। यानी कुल ब्याज करीब 95,979 रुपये होगा।
5 साल की FD में कितना फायदा?
अगर यही 3 लाख रुपये आप 5 साल के लिए FD में निवेश करते हैं, तो ब्याज दर थोड़ी कम हो जाती है। सामान्य ग्राहकों को 6.40% और सीनियर सिटिजन को 6.90% तक का ब्याज मिलता है।
ऐसी स्थिति में सामान्य ग्राहक को मैच्योरिटी पर लगभग 4,12,093 रुपये मिलेंगे। वहीं, सीनियर सिटिजन को लगभग 4,22,352 रुपये प्राप्त होंगे।
ध्यान देने वाली बात यह है कि 5 साल की FD में ब्याज दर कम होने के बावजूद निवेश की अवधि अधिक होने के कारण कुल मैच्योरिटी राशि 4 साल की FD की तुलना में ज्यादा होती है।
| FD की अवधि | सामान्य नागरिक (ब्याज दर) | सीनियर सिटिजन (ब्याज दर) | ₹3 लाख पर मैच्योरिटी राशि (सामान्य नागरिक) | ₹3 लाख पर मैच्योरिटी राशि (सीनियर सिटिजन) |
|---|---|---|---|---|
| 4 साल | 6.50% | 7.00% | ₹3,88,267 | ₹3,95,979 |
| 5 साल | 6.40% | 6.90% | ₹4,12,093 | ₹4,22,352 |
कौन-सी अवधि की एफडी है बेहतर
FD चुनते समय केवल ब्याज दर को देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। आपको यह भी तय करना चाहिए कि आपको पैसे की जरूरत कब पड़ सकती है। अगर आपका लक्ष्य चार साल के भीतर पूरा हो रहा है तो ज्यादा ब्याज दर वाली 4 साल की FD बेहतर विकल्प हो सकती है। वहीं, अगर आप लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं और बीच में पैसे निकालने की जरूरत नहीं है तो 5 साल की FD अधिक मैच्योरिटी राशि दे सकती है।
किसे कौन-सा विकल्प चुनना चाहिए?
अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा ब्याज दर है और निवेश अवधि थोड़ी कम रखना चाहते हैं तो 4 साल की FD आपके लिए सही विकल्प साबित होगी। वहीं, अगर आपका उद्देश्य लंबी अवधि में अधिक मैच्योरिटी राशि प्राप्त करना है तो 5 साल की FD बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।
