शहर

दिल्ली में खौफनाक वारदात: कॉन्स्टेबल ने सरेराह पत्नी को मारी गोली, बर्थडे पर ही उतारा मौत के घाट

दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने कथित तौर पर सड़क पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी कांस्टेबल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Image

दिल्ली में पुलिस कॉन्स्टेबल ने की पत्नी की हत्या

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder News: देश की राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दिल्ली पुलिस के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में तैनात एक कॉन्स्टेबल ने अपनी पत्नी की सरेराह हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी मामूली विवाद चलते आरोपी पति ने सड़क पर अपनी पत्नी को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

स्कूटर पर जाते समय पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, वह पूर्वी दिल्ली के AATS में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। उसकी पत्नी प्रियंका (26) एक निजी स्कूल में टीचर थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी के साथ स्कूटर पर सवार होकर कल्याणपुरी इलाके से गुजर रहा था। तभी रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कॉन्स्टेबल ने गुस्से में आकर बीच सड़क पर ही पत्नी को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ी।

बर्थडे पार्टी से लौटते समय किया हमला

जानकारी के अनुसार, कल प्रियंका का जन्मदिन था और दोनों पति-पत्नी जन्मदिन मनाकर घर वापस जा रहे थे। तभी रास्ते में दोनों के बीच लड़ाई होने पर आरोपी मनीष प्रियंका को गोली मार देता है और उसे सड़क पर खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो जाता है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह वारदात हुई, वहां मौजूद 4-5 लोग इस खौफनाक मंजर के चश्मदीद बने। महिला को तड़पता देख उन्होंने तुरंत हिम्मत दिखाकर उसे ऑटो-रिक्शा की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article