Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार हाईवे के किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार तरीके से जा टकराई। इस दुर्घटना में एक युवक और दो मासूम बच्चों समेत कुल तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह भीषण हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा फ्लाई ओवर से थोड़ा आगे हुआ है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर संज्ञान लिया है।
सुबह 6 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की यह स्कॉर्पियो कार कुल 8 लोगों को लेकर फतेहपुर की ओर जा रही थी। सोमवार सुबह लगभग छह बजे जैसे ही गाड़ी रूमा से महाराजपुर की तरफ आगे बढ़ी, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसकी बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मौके की तरफ भागे और पुलिस को इसकी सूचना दी। कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने दुर्घटना में तीन लोगों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की है। मृतकों में एक 14 साल और 10 साल का बच्चा और एक 45 साल का पुरुष शामिल हैं। 5 घायलों का इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया और मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
