बिजनेस

PF बैलेंस ट्रांसफर करने का नया तरीका, EPFO पोर्टल पर अब इन दो तरीकों से आसान होगा काम

PF Transfer Process: नौकरी बदलने के बाद अगर आप भी पीएफ अकाउंट का बैलेंस नए खाते में ट्रांसफर करना चाहते हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है।

Image

पीएफ ट्रांसफर करने की प्रक्रिया (AI Generated Image)

PF Transfer Process: अगर आपने हाल ही में नौकरी बदली है और अपने पुराने PF (Provident Fund) अकाउंट का बैलेंस नए खाते में ट्रांसफर करना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने पोर्टल पर PF ट्रांसफर की प्रक्रिया को अब पहले से आसान बना दिया है। अब कर्मचारी अपने PF बैलेंस को नए खाते में ट्रांसफर करने के लिए दो अलग-अलग ऑनलाइन विकल्पों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

क्यों जरूरी है PF ट्रांसफर?

जब कोई कर्मचारी नौकरी बदलता है तो उसका UAN (Universal Account Number) वही रहता है, लेकिन नए नियोक्ता के तहत एक नई PF मेंबर आईडी बनती है। ऐसे में पुराने PF खाते में जमा राशि अपने आप नए खाते में नहीं जुड़ती। रिटायरमेंट फंड को एक जगह बनाए रखने और भविष्य में क्लेम प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पुराने PF बैलेंस को नए खाते में ट्रांसफर करना जरूरी होता है।

पीएफ बैलेंस को ऐसे करें ट्रांसफर

पहला तरीका: 'Request for Transfer of Account'

EPFO पोर्टल पर लॉग इन करने के बाद Online Services टैब में जाकर Request for Transfer of Account विकल्प चुन सकते हैं।

दूसरा तरीका: 'Member Service History'

EPFO ने दूसरा विकल्प Member Service History सेक्शन में भी उपलब्ध करवाया है। यहां कर्मचारी अपने पुराने रोजगार का रिकॉर्ड, पुरानी Member ID और पहले किए गए दावों (Claims) की स्थिति देख सकते हैं। अगर किसी पुराने खाते का ट्रांसफर नहीं हुआ है तो वहीं से Service Transfer Claim (Form 13) शुरू किया जा सकता है। यह विकल्प उन कर्मचारियों के लिए काम का है, जो अपने पुराने रोजगार का रिकॉर्ड देखकर ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी करना चाहते हैं।

आप चाहे कोई भी विकल्प चुनें, आपको Online Service/Transfer Request पेज पर जाना होगा। यहां सबसे पहले पुराने नियोक्ता (Previous Employer) का Member ID और दूसरी जरूरी जानकारी दर्ज कर Get Details पर क्लिक करें। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए वेरिफाई करें। EPFO पोर्टल पर यह भी जांच लें कि आपका PF बैलेंस सही वर्तमान संस्थान (Current Establishment) में ट्रांसफर हो रहा है। रिक्वेस्ट सबमिट करने के बाद EPFO उसकी प्रक्रिया पूरी करेगा और आपका PF बैलेंस मौजूदा EPF खाते में ट्रांसफर कर देगा।

नया सिस्टम क्यों है फायदेमंद?

EPFO का कहना है कि नए पोर्टल का उद्देश्य PF सेवाओं को तेज, डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाना है। दो अलग-अलग ऑनलाइन विकल्प मिलने से कर्मचारियों को अपनी सुविधा के अनुसार ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी करने का मौका मिलेगा। इससे कागजी कार्रवाई कम होगी और पुराने PF खाते की राशि को नए खाते में स्थानांतरित करना पहले से आसान हो जाएगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article