नए महीने की शुरुआत के साथ ही पहले ही दिन आम आदमी को 4 बड़े झटके लग चुके हैं। देश में फास्टैग, प्रीमियम पेट्रोल, कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर और जेट फ्यूल (एविएशन टर्बाइन फ्यूल - ATF) की कीमतें बढ़ चुकी हैं। कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर महंगा होने से रेस्टोरेंट से लेकर होटल वालों पर बोझ बढ़ेगा, जिससे खाने-पीने के सामान का दाम बढ़ेगा और इसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। वहीं, फास्टैग और प्रीमियम पेट्रोल महंगा होने से वाहन चालकों पर बोझ बढ़ेगा। जेट फ्यूल (एविएशन टर्बाइन फ्यूल - ATF) की कीमत बढ़ने से देश के आम आदमी के लिए हवाई सफर महंगा हो सकता है।
प्रीमियम पेट्रोल के बढ़े दाम
सबसे बड़ी बढ़ोतरी प्रीमियम पेट्रोल के दाम में देखने को मिली है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इंडियन ऑयल के प्रीमियम पेट्रोल XP100 की कीमत में 11 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में इसका दाम 149 रुपये से बढ़कर करीब 160 रुपये प्रति लीटर हो गया है। यह पेट्रोल मुख्य रूप से लग्जरी कारों और हाई-परफॉर्मेंस बाइक्स के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
जेट फ्यूल की भी बढ़ी कीमतें
इसी तरह, सबसे बड़ा झटका एविएशन सेक्टर को लगा है। जेट फ्यूल यानी ATF की कीमतें बढ़कर 2.07 लाख प्रति किलोलीटर से ऊपर पहुंच गई हैं, जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। जेट फ्यूल की कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि का असर आने वाले दिनों में हवाई किराए पर भी पड़ सकता है। क्योंकि एयरलाइंस के कुल खर्च का लगभग 35–45% हिस्सा ईंधन पर ही होता है, ऐसे में ATF महंगा होने से टिकट कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ जाती है। जेट फ्यूल की कीमत बढ़ने पर कंपनियों की ओर से सरचार्ज बढ़ा दिया जाता है, जिसका असर प्रति टिकट की कीमत में देखने को मिलता है।
FASTag एनुअल पास हुआ महंगा
महीने की शुरुआत में वाहन चालकों पर एक और नया बोझ FASTag के एनुअल पास शुल्क के बढ़ने की वजह से रहेगा। NHAI के अनुसार, FASTag वार्षिक पास की मौजूदा फीस 3,000 रुपए से बढ़ाकर 3,075 रुपए कर दी गई है। यह नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी हैं।
कमर्शियल LPG सिलेंडर की बढ़ी कीमत
इसी तरह, आज से 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर (19 kg commercial LPG gas cylinder) भी महंगा हो गया है। दिल्ली में सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपए की वृद्धि हुई है, जबकि कोलकाता में यह बढ़ोतरी 218 रुपए है। सरकारी तेल कंपनियों के मुताबिक 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब दिल्ली में 2,078.50 रुपए हो गई है।
