बिजनेस

Multibagger Stock : 1 साल में ₹1 लाख को ₹3 लाख बनाया, चिप इंडस्ट्री से जुड़ा है काम

AI की वजह से ग्लोबल चिप इंडस्ट्री में जबरदस्त तेजी है। इसका ही नतीजा है कि महज 1 साल में इस स्टॉक ने 200 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। फिलहाल, यह स्टॉक दो बड़ी वजहों से चर्चा में है।

Image

एक साल में 200 फीसदी रिटर्न मिला

Multibagger Stock: अगर आपने एक साल पहले इस शेयर में ₹1 लाख लगाए होते, तो आज उसकी वैल्यू करीब ₹3 लाख हो चुकी होती। IT और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जुड़ी Rashi Peripherals ने पिछले एक साल में करीब 200% का रिटर्न देकर निवेशकों को मालामाल किया है। कंपनी फिलहाल दो वजहों से चर्चा में है। पहली वजह हाल ही में जापान की Restar Corporation के साथ सेमीकंडक्टर कारोबार के लिए किया गया जॉइंट वेंचर का ऐलान है। इसके अलावा दूसरी वजह दिग्गज निवेशक मधुसूदन केला के परिवार की तरफ से इस स्टाॅक में की गई मुनाफा वसूली है।

1 साल में तीन गुना हुआ निवेश

Rashi Peripherals का शेयर पिछले एक साल में करीब 200% चढ़ा है। यानी अगर किसी निवेशक ने एक साल पहले इसमें ₹1 लाख लगाए होते, तो आज उसकी रकम लगभग ₹3 लाख हो जाती। कंपनी का शेयर बुधवार को अपने ऑल टाइम हाई 967.70 रुपये तक पहुंचा था। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के चलते इसमें कुछ गिरावट भी देखने को मिली।

क्या करती है कंपनी?

साल 1989 में स्थापित Rashi Peripherals देश की प्रमुख आईटी प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में शामिल है। कंपनी पर्सनल कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल, सर्वर, नेटवर्किंग उपकरण, स्टोरेज, ग्राफिक्स कार्ड, मदरबोर्ड, यूपीएस और दूसरे आईटी प्रोडक्ट्स की डिस्ट्रीब्यूशन और आफ्टर-सेल्स सर्विस देती है। इसके साथ ही कंपनी प्री-सेल्स सपोर्ट, टेक्निकल सर्विस, वारंटी मैनेजमेंट और मार्केटिंग जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराती है।

चिप इंडस्ट्री में बढ़ाया कदम

कंपनी ने हाल ही में जापान की Restar Corporation के साथ जॉइंट वेंचर बनाने का ऐलान किया है। इस समझौते के तहत Rashi Peripherals अपने सेमीकंडक्टर बिजनेस को एक अलग सब्सिडियरी में ट्रांसफर करेगी, जिसमें Restar Corporation 26% हिस्सेदारी खरीदेगी। यह जॉइंट वेंचर अक्टूबर 2026 से शुरू होने की योजना है। इस साझेदारी का फोकस इंडस्ट्रियल और ऑटोमोटिव सेक्टर के लिए एडवांस इमेज सेंसिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए भारत में इंजीनियरिंग, डिजाइन और तकनीकी सेवाएं भी विकसित की जाएंगी।

बड़े-बड़े ब्रांड हैं ग्राहक

Rashi Peripherals कई वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों की डिस्ट्रीब्यूटर है। कंपनी Nvidia, Dell, HP, Lenovo, Asus, Samsung, LG, Western Digital और SanDisk जैसे ब्रांड्स के साथ काम करती है। कंपनी के पास देशभर में 700 से अधिक शहरों तक फैला डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, दर्जनों शाखाएं और हजारों चैनल पार्टनर हैं।

तिमाही नतीजों में भी दम

कंपनी ने अप्रैल-जून तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 62% बढ़कर 5,102 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, शुद्ध मुनाफा 70% बढ़कर 104.6 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का EBITDA 50% बढ़ा, जबकि प्रति शेयर आय (EPS) में भी 64% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मधुसूदन केला परिवार ने घटाई हिस्सेदारी

शेयर में तेज उछाल के बीच दिग्गज निवेशक मधुसूदन केला के परिवार ने अपनी हिस्सेदारी कुछ कम की है। कंपनी के ताजा शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, मधुरी मधुसूदन केला ने अप्रैल-जून तिमाही में 4.45 लाख से ज्यादा शेयर बेचे। उनकी हिस्सेदारी 2.44% से घटकर 1.76% रह गई। हालांकि वे अब भी कंपनी के निवेशकों में शामिल हैं।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article