बिजनेस

Mother Dairy Milk Price Hike: अमूल के बाद मदर डेयरी का झटका, बढ़ाए दूध के दाम, कल से लागू होंगी नई कीमतें

Mother Dairy Milk Price Hike: मदर डेयरी की तरफ से उठाए गए इस कदम का देशभर के करोड़ों लोगों पर सीधा असर पड़ेगा। महंगाई के दौर में अब आम जनता की जेब का बोझ और अधिक बढ़ेगा।

Image

मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम।

Mother Dairy Milk Price Hike: अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। मदर डेयरी ने बढ़ती लागत को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो बृहस्पतिवार से प्रभावी होगी। कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि उसने अपने दूध की विभिन्न किस्मों की उपभोक्ता कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो 14 मई, 2026 से लागू होगी।

मदर डेयरी से पहले बुधवार को ही अमूल ने भी दूध के दाम दो रुपये लीटर बढ़ाने की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, पिछला कीमत संशोधन अप्रैल, 2025 के अंत में किया गया था। कंपनी ने कहा, "पिछले एक वर्ष में किसानों से खरीद मूल्य में लगभग छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उपभोक्ताओं पर असर कम करने के लगातार प्रयासों के बावजूद यह बढ़ोतरी आवश्यक हो गई थी।"

मदर डेयरी ने कहा कि यह मूल्य संशोधन बढ़ी हुई लागत का केवल आंशिक भार उपभोक्ताओं पर डालता है और इसका उद्देश्य किसानों के हित और उपभोक्ताओं के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना है।

मदर डेयरी दूध की नई कीमत

मदर डेयरी ने कहा कि वह अपने दूध बिक्री से प्राप्त राजस्व का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान करती है। मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है। एनसीआर में टोंड मिल्क (खुले रूप में बिकने वाला) की कीमत बढ़ाकर 58 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 56 रुपये प्रति लीटर थी। फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत 72 रुपये प्रति लीटर होगी।

टोंड मिल्क (पाउच) का दाम 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि डबल टोंड मिल्क 54 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध की कीमत भी 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। मदर डेयरी ने पिछले वित्त वर्ष में बेहतर मांग के कारण अपने डेयरी उत्पादों और खाद्य तेलों की बिक्री में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article