Mega Multibagger Stocks: शेयर बाजार में मल्टीबैगर कहानियां कम नहीं हैं। लेकिन यह कहानी है धुरंधर मल्टीबैगर की, जिसने 70 हजार फीसदी की रैली करते हुए 2.40 रुपये से 1687 रुपये तक सफर महज एक साल में पूरा किया है। यह वही कंपनी है, जिसे कुछ समय पहले तक निवेशक Reliance Naval and Engineering Ltd के नाम से जानते थे। जनवरी 2025 में कंपनी का नाम बदलकर Swan Defence and Heavy Industries कर दिया गया और इसके बाद शेयर की कहानी पूरी तरह पलट गई।
एक लाख बन गए 44 लाख
बाजार नियामक सेबी के निर्देंशों के मुताबिक 21 जनवरी को बुक वैल्यू के हिसाब से शेयर की प्राइस डिस्कवरी और रिलिस्टिंग हुई। इससे एक ही दिन में शेयर प्राइस 2.40 रुपये से बढ़कर 37.80 रुपये पहुंच गया। हालांकि, यह इस कहानी की शुरुआत थी। इसके बाद से यह शेयर लगातार रैली कर रहा है और 21 जनवरी, 2025 से 6 जनवरी, 2026 के बीच ₹37.80 से 4,363.49% की रैली करते हुए ₹1687.20 रुपये तक गया है। इस तरह प्राइस डिस्कवरी के बाद अगर इसमें किया गया ₹1 लाख का निवेश अब बढ़कर ₹44 लाख हो गया है।
क्या करती है स्वान डिफेंस?
Swan Defence का कारोबार शिपबिल्डिंग, शिप रिपेयर और हेवी इंजीनियरिंग से जुड़ा है। कंपनी बड़े कमर्शियल और कार्गो वेसल्स के साथ-साथ डिफेंस वेसल्स का निर्माण करती है। इसके अलावा ऑफशोर स्ट्रक्चर, जैक-अप रिग्स, शिप रिपेयर, रिफिट, कन्वर्जन, मशीनरी, पाइपिंग, इलेक्ट्रिकल और प्रोपेलर से जुड़ी सर्विसेज भी देती है। EPC और ऑफशोर यार्ड से जुड़ी सर्विसेज भी कंपनी के बिजनेस मॉडल का हिस्सा हैं। कंपनी की मौजूदगी भारत के साथ-साथ इंटरनेशनल मार्केट में भी है।
रिटर्न की चौंकाने वाली तस्वीर
6 जनवरी 2026 को Swan Defence का शेयर NSE पर ₹1,687.20 और BSE पर ₹1,772.30 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। यह शेयर अपने 52-वीक हाई पर ही बना हुआ है, जबकि 52-वीक लो ₹37.80 रहा है। मौजूदा समय में कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹9,337 करोड़ है और यह स्मॉल कैप कैटेगरी में आती है।
वैल्यूएशन में छिपा बड़ा जोखिम
इतनी तेज रैली के बाद सबसे अहम सवाल वैल्यूएशन को लेकर उठता है। Swan Defence की TTM यानी पिछले 12 महीने की कमाई अब भी नेगेटिव है। लिहाजा, इसका P/E रेश्यो उपलब्ध नहीं है। वहीं P/B रेशियो करीब 38.12 गुना है, जो इसके पीयर्स के मीडियन P/B करीब 9.96 के मुकाबले कई गुना ज्यादा है। साफ है कि शेयर बुक वैल्यू के लिहाज से बेहद महंगे स्तर पर ट्रेड कर रहा है। यह वैल्यूएशन संकेत देता है कि शेयर में उम्मीदों की कीमत पहले ही काफी हद तक जुड़ चुकी है।
इतनी जबरदस्त तेजी की वजह क्या है?
Swan Defence की रैली के पीछे कई फैक्टर माने जा रहे हैं। कंपनी का नाम बदलना और पुराने संकटग्रस्त दौर से निकलने की उम्मीद, डिफेंस सेक्टर पर सरकार का बढ़ता फोकस, शिपबिल्डिंग और ऑफशोर प्रोजेक्ट्स को लेकर बाजार में बनी सट्टा उम्मीदें और बेहद लो बेस इफेक्ट, इन सभी ने मिलकर शेयर को रॉकेट बना दिया। हालांकि, यह भी सच है कि फंडामेंटल टर्नअराउंड अभी पूरी तरह से आंकड़ों में साबित नहीं हुआ है।
निवेशकों के लिए क्या है सही रणनीति
Swan Defence का शेयर मौजूदा स्तर पर हाई-रिस्क और हाई-रिवॉर्ड कैटेगरी में आता है। कई निवेशक बहुत निचले स्तर पर इसमें पहले से निवेश कर चुके हैं, उनके लिए यह असाधारण कमाई की कहानी है। लेकिन नए निवेशकों के लिए मौजूदा भाव पर एंट्री बेहद जोखिम भरी मानी जाएगी। अपर सर्किट की लंबी श्रृंखला के बाद किसी भी समय तेज करेक्शन का खतरा बना रहता है, खासकर तब जब वैल्यूएशन पहले ही काफी खिंच चुका हो और कमाई अभी स्थिर न हो। बहरहाल, Swan Defence भारतीय शेयर बाजार की सबसे विस्फोटक मल्टीबैगर कहानियों में शामिल हो चुका है। लेकिन, आज यह ग्रोथ से ज्यादा हाई वैल्यूएशन और कमजोर फंडामेंटल की जोखिमभरी इबारत है।
