बिजनेस

Dollar Vs Rupee: महंगा क्रूड बना रुपये का दुश्मन, डॉलर के मुकाबले आज फिर बड़ी गिरावट

डॉलर के मुकाबले आज भारतीय करेंसी में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। कच्चे तेल की कीमत में तेजी से रुपया कमजोर हुआ है।

Image

रुपया लुढ़का

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आज रुपये में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को 28 पैसे टूटकर 94.84 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों के 99 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा अरामको के संयंत्रों पर नए हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से भारतीय रुपया कमजोर हुआ। इसके अलावा, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख ने भी रुपये पर दबाव डाला।

सोमवार को भी रुपये में थी गिरावट

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 94.49 पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.49 के उच्च स्तर तक गया और 94.89 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 94.84 रुपये (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव से 28 पैसे की गिरावट है। रुपया सोमवार को 13 पैसे फिसलकर 94.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस कारण कच्चे तेल की कीमत में तेजी

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की चिंता के कारण हमें रुपये में हल्की कमजोरी का रुख रहने के आसार हैं। वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति भी रुपये पर दबाव डाल सकती है। उन्होंने कहा कि हालांकि, डॉलर में कमजोरी और विदेशी पूंजी का प्रवाह निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकता है। अब निवेशकों का ध्यान अमेरिका और भारत के मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर रहेगा। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.60 से 95.10 के दायरे में रह सकता है।

डॉलर इंडेक्स में मजबूती

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.96 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चे तेल का वायदा भाव 1.39 प्रतिशत बढ़कर 98.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 555.23 अंक टूटकर 75,577.58 अंक पर जबकि निफ्टी 144.05 अंक फिसलकर 23,635.10 अंक पर आ गया।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article