Medical Store Business : अगर आप कम लागत में एक सुरक्षित और लगातार मुनाफा देने वाले बिजनेस की तलाश कर रहे हैं, तो केंद्र सरकार की 'प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना' (PMBJP) आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है। देश भर में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना का विस्तार तेजी से हो रहा है। प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के तहत, 30 जून .2025 तक कुल 16,912 जनऔषधि केंद्र (JAKs) खोले गए हैं। देश के करीब 780 जिलों में यह योजना सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। इस योजना के जरिए देश के आम नागरिकों ने अब तक दवाओं की खरीदारी पर करीब हजारों करोड़ रुपये की बचत की है।
जन औषधि केंद्र और इसके फायदे
जन औषधि केंद्र सरकार की एक विशेष पहल है, जहां आम जनता को बाजार में मिलने वाली ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50% से 90% तक सस्ती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां दी जाती हैं। लैब रिएजेंट और वैक्सीन को छोड़कर, 'राष्ट्रीय आवश्यक दवाओं की लिस्ट' में शामिल करीब सभी जरूरी जेनेरिक दवाएं इन केंद्रों के प्रोडक्ट बास्केट में मौजूद होती हैं। दवाओं के अत्यधिक सस्ते होने के कारण इन केंद्रों पर ग्राहकों की हमेशा मांग बनी रहती है, जिससे यह बिजनेस हर मौसम में स्थिर कमाई देता है।
कमाई का गणित और सरकारी प्रोत्साहन
इस बिजनेस में कमाई के दो मुख्य जरिए हैं मार्केट कमीशन और सरकारी इंसेंटिव। जन औषधि केंद्र संचालक को हर दवा की बिक्री पर सीधा 20% का मार्जिन दिया जाता है। इसके अलावा, सरकार दुकान स्थापित करने वालों को 5 लाख रुपये तक का वित्तीय इंसेंटिव भी प्रदान करती है, जो आपकी मासिक बिक्री के आधार पर सीधे बैंक खाते में आता है। अगर आवेदनकर्ता महिला उद्यमी, दिव्यांग, एससी/एसटी वर्ग से है या नीति आयोग द्वारा चिन्हित आकांक्षी जिलों में स्टोर खोल रहा है, तो उसे आईटी उपकरणों और इंफ्रास्ट्रक्चर (जैसे कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर) के लिए 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी जाती है। अगर आप महीने में 1 लाख रुपये की दवाएं बेचते हैं, तो 20% कमीशन के रूप में 20,000 रुपये और 15% इंसेंटिव के रूप में 15,000 रुपये मिलकर आपकी कुल मासिक आय 35,000 रुपये होगी। वहीं, बिक्री बढ़कर 2 लाख रुपये होने पर यह कमाई 55,000 रुपये प्रति माह तक पहुंच सकती है।
कौन खोल सकता है यह स्टोर?
जन औषधि केंद्र खोलने के लिए पात्रता नियम बेहद आसान हैं।
- शैक्षणिक योग्यता: आवेदनकर्ता के पास डी.फार्मा (D.Pharma) या बी.फार्मा (B.Pharma) की डिग्री होनी चाहिए। अगर आपके पास खुद यह डिग्री नहीं है, तो आप किसी क्वालिफाइड फार्मासिस्ट को नौकरी पर रखकर भी लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं।
- जगह की जरुरत: दुकान के लिए कम से कम 120 वर्ग फुट की पक्की जगह (खुद की या किराए की) होनी अनिवार्य है।
- जरूरी दस्तावेज: आवेदन के लिए पहचान एवं पते के प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, फार्मासिस्ट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और बैंक पासबुक की जरूरत होती है।
आवेदन करने की ऑनलाइन प्रक्रिया
जन औषधि केंद्र के लिए आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी है।
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट janaushadhi.gov.in पर जाएं।
- 'Apply for PMBJK' या 'ऑनलाइन आवेदन' लिंक पर क्लिक करके अपना रजिस्ट्रेशन करें।
- नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल की मदद से अकाउंट बनाने के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां ध्यानपूर्वक भरें।
- अपने आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करके फॉर्म सबमिट कर दें।
