Long-Term Money Strategy: अगर आप अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना चाहते हैं तो केवल आज की जरूरतों के बारे में सोचना काफी नहीं है। आने वाले 10 सालों के लिए एक स्पष्ट फाइनेंशियल प्लान बनाना आपको बड़े आर्थिक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद कर सकता है। लंबे समय का निवेश आपको कंपाउंडिंग, अनुशासित निवेश और सही एसेट एलोकेशन का फायदा उठाने का मौका देता है। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि लक्ष्य स्पष्ट हों और निवेश में लगातार अनुशासन बना रहे। लंबी अवधि की वित्तीय योजना कैसे बनाई जा सकती है इस आर्टिकल में यही बताने जा रहे हैं-
6 स्टेप्स में पूरी करें लंबी अवधि की फाइनेंशियल प्लानिंग
सबसे पहले लक्ष्य करें तय10 साल की वित्तीय योजना बनाने का पहला कदम अपने सभी जरूरी और महत्वपूर्ण लक्ष्यों की लिस्ट बनाना है। इसमें इमरजेंसी फंड और इंश्योरेंस जैसे वित्तीय सुरक्षा से जुड़े लक्ष्य सबसे पहले आने चाहिए। इसके बाद घर खरीदना, बच्चों की पढ़ाई या रिटायरमेंट के लिए फंड तैयार करना जैसे बड़े लक्ष्य तय किए जा सकते हैं।
हर लक्ष्य की भविष्य की लागत का अनुमान
लक्ष्य तय करने के बाद यह देखना जरूरी है कि उन्हें पूरा करने के लिए कितने पैसे की जरूरत होगी। इसके लिए सिर्फ आज की कीमत को आधार बनाना सही नहीं होगा, क्योंकि समय के साथ महंगाई के कारण चीजों की लागत बढ़ती रहती है।
हर लक्ष्य के लिए समय सीमा
अगला कदम प्रत्येक लक्ष्य के लिए एक निश्चित टाइमलाइन तय करना है। निवेश का तरीका काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि पैसे की जरूरत कब पड़ने वाली है।
लक्ष्य को मंथली निवेश में बदलना
जब लक्ष्य की रकम और समय सीमा तय हो जाए, तो उसे एक मासिक निवेश लक्ष्य में बदलना चाहिए। इससे बड़ा आर्थिक लक्ष्य ज्यादा आसान और समझने योग्य बन जाता है। उदाहरण के लिए, सिर्फ यह सोचने के बजाय कि 5 साल में 10 लाख रुपये जमा करने हैं, आप यह तय कर सकते हैं कि लक्ष्य के लिए हर महीने कितनी रकम निवेश करनी होगी।
लक्ष्य के हिसाब से सही निवेश विकल्प
हर लक्ष्य के लिए एक जैसा निवेश विकल्प इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है। निवेश का चुनाव लक्ष्य की अवधि के अनुसार होना चाहिए। शॉर्ट टर्म जरूरतों के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट या डेट फंड जैसे स्टेबल ऑप्शन पर विचार किया जा सकता है। वहीं लॉन्ग टर्म लक्ष्यों में इक्विटी जैसे ग्रोथ ओरिएंटेड विकल्पों पर विचार किया जा सकता है।
साल में एक बार प्लान की समीक्षा
फाइनेंशियल प्लान बनाने के बाद उसे पूरी तरह नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। साल में कम से कम एक बार लक्ष्यों और निवेश की समीक्षा करनी होगी। अगर आपकी आय बढ़ी है, तो निवेश की रकम बढ़ाई जा सकती है। इसी तरह जीवन की परिस्थितियां या प्राथमिकताएं बदलने पर पोर्टफोलियो में जरूरी बदलाव किया जा सकता है।
