LinkedIn Layoff:लिंक्डइन ने एक बार फिर छंटनी कर दी है। कंपनी ने दूसरे राउंड में 668 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी कर ली है। नई छंटनी के राउंड में इंजीनियरिंग, फाइनेंस और टैलेंट टीम में काम करने वाले कर्मचारी शामिल हैं। इसके पहले लिंक्डइन ने पहले राउंड में 716 लोगों को नौकरी से निकाला था । कंपनी में करीब 20,000 कर्मचारी हैं और इस छंटनी की चपेट में 3 फीसदी से ज्यादा कर्मचारी आ जाएंगे।
क्यों हो रही है छंटनी
माइक्रोसॉफ्ट की ओनरशिप वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन (LinkedIn)में छंटनी की वजह रेवेन्यू ग्रोथ में कमी होना बताया जा रहा है। कंपनी ने सोमवार को एक बयान में कहा है कि वह कुल 668 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने जा रही है। इससे पहले मई में जब 716 लोगों को नौकरी से निकाला गया था। उस वक्त ज्यादातर छंटनी सेल्स, ऑपरेशंस और सपोर्ट टीम से हुई थी।
टेक कंपनियों के लिए बुरा है साल
यह साल टेक कंपनियों के लिए बेहद बुरा रहा है। और अनिश्चितता के माहौल में टेक कंपनियों ने इस साल अब तक लाखों की संख्या में लोगों की छंटनी कर चुकी हैं। इस लिस्ट में गूगल, माइक्रोफॉस्ट, मेटा सहित सभी प्रमुख दिग्गज कंपनियों ने बड़े पैमाने पर छंटनी की है। असल में छंटनी की एक प्रमुख वजह कंपनियों का कोरोना के दौर में उम्मीद से ज्यादा भर्तियां करना था। उन्हें उम्मीद थी कि कोरोना के बाद भी डिमांड बनी रहेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। और इसका खामियाजा कर्चमारियों को उठाना पड़ रहा है।
