बिजनेस

रेंट पर घर लगाने वाले मालिक होंगे बर्बाद, रॉबर्ट कियोसाकी ने ऐसा क्यों कहा?

Rich Dad Poor Dad Author Robert Kiyosaki Warning: ‘रिच डैड, पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने चेतावनी दी है कि भारतीय मूल के 34 वर्षीय जोहरान ममदानी, जो कट्टर मार्क्सवादी माने जाते हैं उन्होने अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कियोसाकी ने कहा कि यह जीत अमेरिका में बढ़ते मार्क्सवाद और आर्थिक स्वतंत्रता के खतरे का संकेत है। साथ ही उन्होंने मकान मालिकों को भी चेताया।

Image

रिच डैड, पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी का बड़ा बयान (तस्वीर-istock/x)

Rich Dad Poor Dad Author Robert Kiyosaki Warning : भारतीय मूल के 34 वर्षीय जोहरान ममदानी ने अमेरिका में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की। वे कट्टर मार्क्सवादी माने जाते हैं। उनकी जीत के बाद फेमस किताब 'रिच डैड, पुअर डैड' के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने बहुत बड़ी चेतावनी दी। कियोसाकी ने एक्स पर लिखा कि हे भगवान! न्यूयॉर्क सिटी का मार्क्सवादी मेयर! क्या न्यूयॉर्क के लोगों को पता नहीं कि वह किराया स्थिरता (Rent Stability) बढ़ाने वाला है। जो पूरी तरह मार्क्सवादी विचारधारा है और इसका मतलब है:- अनंतकालीन किराया नियंत्रण यानी किरायेदार अपने अपार्टमेंट पर पीढ़ियों तक कब्जा बनाए रख सकता है। वह अपने बच्चों, पोते-पोती, यहां तक कि परपोते-परपोती को भी वह अपार्टमेंट सौंप सकता है। ऐसे में मकान मालिक की हालत खराब हो जाती है।

किराया नियंत्रण मार्क्सवादी विचार है

जैसा कि कार्ल मार्क्स ने कहा था कि साम्यवाद का उद्देश्य निजी संपत्ति का उन्मूलन है। और विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) के संस्थापक क्लाउस श्वाब के प्रवक्ता ने कहा था कि एक दिन तुम कुछ भी नहीं रखोगे और खुश रहोगे।

रॉबर्ट कियोसाकी ने आगे लिखा कि जब सरकार मालिकों के अधिकारों को खत्म कर दे, तो कोई भी चीज रखने का क्या मतलब? यही एक सच्चे पूंजीपति के लिए सबसे बुरा सपना है। दुर्भाग्यवश, अमेरिका अपनी स्वतंत्रता, लोकतंत्र और पूंजीवाद खोता जा रहा है और मार्क्सवाद तथा साम्यवाद की दिशा में बढ़ रहा है।

दुनिया के मजदूरों, एक हो जाओ!

ऐसा तब होता है जब हमारे शिक्षा संस्थान मार्क्सवादियों के नियंत्रण में आ जाते हैं। इसी कारण हमारे स्कूलों में वित्तीय शिक्षा नहीं दी जाती और जैसा कि मार्क्स ने कहा था कि “दुनिया के मजदूरों, एक हो जाओ!” आज अमेरिका में सबसे शक्तिशाली श्रमिक संघ NEA (National Education Association) है यानी शिक्षकों का यूनियन जिसे Forbes ने “National Extortion Association” (राष्ट्रीय वसूली संघ) कहा है।

कृपया सावधान रहें।

रॉबर्ट कियोसाकी ने आगे लिखा कि अपने को सच्ची वित्तीय शिक्षा और वास्तविक धन से सुरक्षित रखें यानी सोना और चांदी, जिसे “भगवान का धन” कहा जाता है और साथ ही Bitcoin और Ethereum, यानी जनता का धन।

कौन हैं जोहरान ममदानी?

जोहरान ममदानी प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर महमूद ममदानी के पुत्र हैं। ममदानी का जन्म युगांडा में हुआ था। इस जीत के साथ ही वह अमेरिका के सबसे बड़े शहर में मेयर बनने वाले पहले दक्षिण एशियाई और मुस्लिम व्यक्ति बन गए हैं। ममदानी की ऐतिहासिक जीत को 84 लाख से अधिक की आबादी वाले इस शहर के प्रशासनिक कामकाज में प्रगतिशील राजनीति की वापसी के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने श्रमिक वर्ग के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प जताया है।

भारतीय मूल के डेमोक्रेट ममदानी ने न्यूयॉर्क शहर के महापौर पद के लिए हुए चुनाव में ट्रंप समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन कर्टिस स्लीवा को हराया। ममदानी के अलावा उनकी पार्टी की सहयोगी मिकी शेरिल को न्यू जर्सी का गवर्नर चुना गया, अबीगैल स्पैनबर्गर वर्जीनिया की गवर्नर बनीं तथा भारत में जन्मीं गजाला हाशमी डिप्टी गवर्नर चुनी गईं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article