बिजनेस

पार्टनर के साथ मिलकर घर लेना है? पहले समझें Joint Home Loan से जुड़ी जरूरी बातें और टैक्स बेनिफिट्स

Joint Home Loan Benefits: अपना घर खरीदना जीवन का सबसे बड़ा सपना होता है, और 'जॉइंट होम लोन' इस सपने को हकीकत में बदलने का एक स्मार्ट तरीका है।

Image

Joint Home Loan के फायदे और जरूरी बातें (Photo: iStock)

Joint Home Loan Benefits: घर खरीदना हर व्यक्ति का एक बड़ा सपना होता है, लेकिन अक्सर इसके लिए पर्याप्त धन जुटाना आसान नहीं होता। ऐसे में जॉइंट होम लोन एक बेहतरीन विकल्प साबित होता है। जब दो लोग मिलकर लोन लेते हैं, तो न सिर्फ उनकी लोन लेने की क्षमता बढ़ती है, बल्कि EMI का बोझ भी कम हो जाता है। हालांकि, जॉइंट होम लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाना जरूरी है-

जॉइंट होम लोन लेने से पहले ध्यान रखने वाली बातें

लोन की राशि

आपको पहले से यह तय कर लेना चाहिए कि आपको कितनी लोन राशि की जरूरत है। इसके लिए आप किसी भी बैंक की वेबसाइट पर मौजूद होम लोन कैलकुलेटर का इस्तेमाल कर आसानी से अनुमान लगा सकते हैं। इससे आपको सही योजना बनाने में मदद मिलेगी।

क्रेडिट स्कोर

बैंक लोन देने से पहले दोनों आवेदकों का क्रेडिट स्कोर (CIBIL score) चेक करते हैं। जॉइंट लोन में दोनों लोगों का स्कोर देखा जाता है, इसलिए अगर किसी एक का क्रेडिट स्कोर खराब है, तो इसका असर पूरे लोन पर पड़ सकता है। इसलिए लोन लेने से पहले दोनों का अच्छा क्रेडिट स्कोर होना जरूरी है।

लोन चुकाने की जिम्मेदारी

होम लोन को समय पर चुकाना सभी सह-आवेदकों की जिम्मेदारी होती है। आमतौर पर EMI का भुगतान एक ही संयुक्त बैंक खाते से किया जाता है। इसलिए सभी को मिलकर लोन की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

जरूरी दस्तावेज

जॉइंट होम लोन लेने से पहले दोनों आवेदकों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे और सही होने चाहिए। इसमें KYC दस्तावेज (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड), आय से जुड़े प्रमाण (income proof) और प्रॉपर्टी के कागजात शामिल होते हैं।

जॉइंट होम लोन के फायदे

उच्च लोन राशि (Higher Loan Amount)

जॉइंट होम लोन के बारे में विचार बना रहे हैं तो आपको यह जानकारी होनी चाहिए कि लोन के लिए आवेदन करने पर आपकी होम लोन की पात्रता राशि (eligibility) काफी बढ़ जाती है, क्योंकि इसमें दोनों आवेदकों की आय को मिलाकर लोन राशि तय की जाती है। यह जॉइंट होम लोन का सबसे बड़ा फायदा है। खासकर यह उन कपल के लिए एक अच्छा ऑप्शन बनता है, जहां दोनों पार्टनर वर्किंग हों। यह कपल्स को बड़ा अपार्टमेंट खरीदने में मदद करता है, क्योंकि उन्हें अधिक लोन राशि मिल सकती है। लोन चुकाने का वित्तीय बोझ भी आसान हो जाता है, क्योंकि EMI दोनों पति-पत्नी के बीच बांटी जा सकती है।

अलग-अलग टैक्स बेनिफिट्स

आप अपने होम लोन पर आयकर अधिनियम (Income Tax Act) के सेक्शन 24 और सेक्शन 80C के तहत टैक्स लाभ प्राप्त कर सकते हैं। जॉइंट होम लोन के मामले में प्रत्येक सह-आवेदक (co-applicant) अपने-अपने हिस्से के अनुसार, जो उन्होंने मूलधन (principal) और ब्याज (interest) के रूप में भुगतान किया है, उस पर अलग-अलग आयकर लाभ का दावा कर सकता है। इससे न केवल बचत और निवेश के अवसर बढ़ते हैं, बल्कि जॉइंट होम लोन कपल्स के बीच साझा जिम्मेदारी और अपनापन (belonging) की भावना भी पैदा करता है, जो उनके आपसी विश्वास और संबंध को मजबूत करने में मदद कर सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article