बिजनेस

ITR Filing: 31 जुलाई से पहले क्यों भर देना चाहिए इनकम टैक्स रिटर्न? मिलेंगे कई बड़े फायदे

ITR Filing: हर साल आप इनकम टैक्स रिटर्न भरते हैं, इसे 31 जुलाई से पहले पहले तक फाइल कर देना चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं तो इसके कई बड़े फायदे हैं।

Image

ITR फाइल करना सिर्फ टैक्स भरना नहीं, कई बड़े फायदे भी देता है (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

ITR Filing : कई लोग इनकम टैक्स रिटर्न (Income Tax Return) दाखिल करने को सिर्फ एक सालाना औपचारिकता मानते हैं। उन्हें लगता है कि यह केवल टैक्स विभाग के नियमों का पालन करने के लिए जरूरी है। लेकिन सच यह है कि समय पर ITR फाइल करने से सिर्फ टैक्स संबंधी जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि यह कई वित्तीय जरुरतों में भी बेहद काम आता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ITR एक ऐसा दस्तावेज है जो आपकी आय, वित्तीय स्थिति और टैक्स अनुपालन का आधिकारिक रिकॉर्ड तैयार करता है। इस साल ITR दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। ऐसे में टैक्सपेयर्स के लिए यह समझना जरूरी है कि समय पर रिटर्न भरने से उन्हें कौन-कौन से फायदे मिल सकते हैं। यहां विस्तार से खबर को समझिये।

लोन और बीमा लेने में मिलती है आसानी

आज के समय में बैंक और वित्तीय संस्थान किसी भी व्यक्ति की आय और भुगतान क्षमता का आकलन करने के लिए ITR को महत्वपूर्ण दस्तावेज मानते हैं। अगर कोई व्यक्ति होम लोन, पर्सनल लोन या वाहन लोन के लिए आवेदन करता है, तो उससे अक्सर पिछले कुछ वर्षों के ITR मांगे जाते हैं। ITR यह साबित करता है कि आवेदक की आय नियमित है और वह कर्ज चुकाने में सक्षम है। इसके अलावा, उच्च मूल्य वाले टर्म इंश्योरेंस प्लान लेने के दौरान भी बीमा कंपनियां ITR की मांग कर सकती हैं। बीमा कंपनियां इसके आधार पर आवेदक की आय और पात्रता का मूल्यांकन करती हैं। इतना ही नहीं, विदेश यात्रा के लिए वीजा आवेदन, सरकारी या निजी टेंडर में भागीदारी और कई अन्य वित्तीय एवं कानूनी प्रक्रियाओं में भी ITR एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में काम आता है।

टैक्स रिफंड पाने और रिकॉर्ड बनाए रखने में मददगार

कई बार नौकरीपेशा लोगों, फ्रीलांसरों या निवेशकों की आय पर जरुरत से ज्यादा टैक्स कट जाता है। यह टैक्स टीडीएस (Tax Deducted at Source) के रूप में वेतन, फिक्स्ड डिपॉजिट, किराया या पेशेवर आय से काटा जा सकता है। अगर किसी व्यक्ति से निर्धारित राशि से अधिक टैक्स काटा गया है, तो उसका रिफंड पाने के लिए ITR दाखिल करना जरूरी होता है। रिटर्न फाइल किए बिना अतिरिक्त कटा हुआ पैसा वापस नहीं मिल सकता। इसके अलावा ITR एक आधिकारिक आय प्रमाण और पते के प्रमाण के रूप में भी उपयोग किया जा सकता है। यह दस्तावेज व्यक्ति की आय और टैक्स भुगतान का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करता है, जो भविष्य में कई वित्तीय और कानूनी जरूरतों के दौरान काम आता है। लगातार कई वर्षों तक ITR फाइल करने से आपकी वित्तीय विश्वसनीयता भी मजबूत होती है।

नुकसान को आगे समायोजित करने का मिलता है लाभ

शेयर बाजार में निवेश करने वाले या बिजनेस करने वाले लोगों के लिए समय पर ITR दाखिल करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। अगर किसी व्यक्ति को शेयर बाजार या व्यवसाय में नुकसान हुआ है, तो वह उस नुकसान को भविष्य की आय के खिलाफ समायोजित कर सकता है। हालांकि इनकम टैक्स नियमों के तहत यह सुविधा आमतौर पर तभी मिलती है जब रिटर्न निर्धारित समय सीमा के भीतर दाखिल किया गया हो। यदि कोई व्यक्ति तय तारीख के बाद ITR फाइल करता है, तो उसे इस महत्वपूर्ण कर लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।

समय पर फाइलिंग से नोटिस का जोखिम भी कम

टैक्स एक्सपर्ट्स का मानना है कि समय पर और सही जानकारी के साथ ITR दाखिल करने से भविष्य में इनकम टैक्स विभाग की ओर से नोटिस या जांच की संभावना भी कम हो सकती है। समय पर रिटर्न भरने से करदाता का रिकॉर्ड साफ और व्यवस्थित बना रहता है। ऐसे में अंतिम समय की भागदौड़ से बचने और सभी वित्तीय लाभों का फायदा उठाने के लिए टैक्सपेयर्स को निर्धारित समय सीमा के भीतर ITR दाखिल कर देना चाहिए। चाहे बात टैक्स रिफंड पाने की हो, लोन लेने की हो या फिर भविष्य के लिए वित्तीय रिकॉर्ड मजबूत बनाने की, समय पर ITR फाइल करना हर करदाता के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article